Karoli जाम की समस्या से मिलेगी राहत, बनेगा बाइपास रोड
करौली न्यूज़ डेस्क , कुड़गांव कस्बे एवं मंडावरा बस स्टैंड पर आए दिन लगने वाले जाम की समस्या से अब शीघ्र लोगों को निजात मिलने की उम्मीद है। इसके लिए राज्य सरकार की ओर से सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जो बाईपास के रूप में काम आएगा। सरकार की ओर से बजट में सड़क निर्माण की घोषणा की गई थी, जिसके बाद अब सरकार ने सड़क के लिए वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इस सड़क निर्माण के बाद कस्बे में भारी वाहनों का प्रवेश रुक जाएगा और लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा। गौरतलब है कि स्थानीय कस्बे के मुख्य बस स्टैंड एवं मंडावरा बस स्टैंड पर लम्बे समय से आए दिन वाहनों की लंबी कतार लग जाती थी। सड़क पर स्थायी-अस्थायी अतिक्रमण भी हो रहे हैं, ऐसे में आए दिन जाम की नौबत आती है। इस कारण लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने इस समस्या से क्षेत्रीय विधायक हंसराज मीणा को अवगत कराया था।
इस पर विधायक ने राज्य सरकार स्तर पर प्रयास किए थे। मिसिंग लिंक के नाम से होगा निर्माण सार्वजनिक निर्माण विभाग के सूत्रों के अनुसार बजट में घोषित हुई करीब 4.5 किलोमीटर की सड़क के निर्माण के बाद कस्बे में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। बाईपास सड़क का निर्माण मिसिंग लिंक के नाम से होगा। यह सड़क बाईपास रोड लेदिया मोड़ से गोकलपुर मोड बालाजी घाटी होते हुए एनएच 23 को जोड़ेगी। जिसकी कुल लंबाई 4.5 किलोमीटर होगी। सड़क निर्माण हो जाने के बाद करीब 3 किलोमीटर चक्कर भी वाहनों को नहीं लगाना पड़ेगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग के सूत्रों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य 2 करोड़ 76 लाख रुपए की लागत से होगा। इसके लिए विभाग की ओर से आगे की कवायद शुरू कर दी गई है।
