Aapka Rajasthan

Karoli राशन डीलरों को कल से राशन सामग्री वितरित नहीं करने की चेतावनी

 
Karoli राशन डीलरों को कल से राशन सामग्री वितरित नहीं करने की चेतावनी
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली राजस्थान राज्य राशन विक्रेता संघर्ष समिति के आह्वान पर चार सूत्रीय मांगों के संबंध में जिले के रसद सामग्री विक्रेताओं (राशन डीलर) ने मंगलवार को कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर बकाया कमीशन 31 जुलाई तक दिलाने की मांग की। साथ ही बताया कि बकाया कमीशन नहीं मिलने पर एक अगस्त से जिले के सभी राशन डीलर रसद सामग्री का वितरण नहीं करेंगे। इससे पूर्व राशन डीलर कलक्ट्रेट में एकत्रित हुए और मांगों के पूरा नहीं होने पर रोष जताया।

राशन डीलर जिलाध्यक्ष अभिमन्यु कौशिक ने बताया कि राज्य व केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाला कमीशन करीब 6 माह से नहीं मिला है। इसके चलते राशन डीलर आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। कई राशन डीलर घर का खर्च और बच्चों की पढ़ाई आदि के लिए कर्जदार हो गए हैं। बच्चों की स्कूल फीस और किताब कॉपी खरीदने के लिए भी उनके समक्ष मुशिकल खड़ी हो गई है। कौशिक ने बताया कि राज्य स्तर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। ऐसे में राशन डीलरों के सामने परिवार को पालन-पोषण करना भी चुनौती बन गया है।

इसी प्रकार जमुनालाल जाटव ने बताया कि जिलेभर में करीब 410 राशन विक्रेता हैं, जो आर्थिक तंगी का शिकार हैं। इसी प्रकार राज्यभर के करीब साढ़े 26 हजार राशन डीलर 6 माह से आर्थिक तंगी में बच्चों की परवरिश कर रहे हैं। कई राशन डीलरों ने बताया कि इन दिनों स्कूलों में प्रवेश चल रहे हैं। राशन डीलरों के पास बच्चों के एडमिशन, स्कूल ड्रेस, किताब-कॉपी आदि के लिए पैसे नहीं हैं। राशन डीलरों ने बताया कि जिस प्रकार ई-मित्र संचालक आधार कार्ड अपडेट का शुल्क लेते हैं इसी प्रकार प्रवासी योजना के अंतर्गत वितरित किए गेहूं का कमीशन व केवाईसी सीडिंग का मानदेय राशन डीलरों को दिया जाए। ज्ञापन देने वालों में मोहमद शाकिर, नेमीचंद, रमेश मीणा, हंसराज मीणा, कालीचरण, नरसीराम गुर्जर, शीशराम गुर्जर, रामधन सिंह गुर्जर, महेंद्र सिंह गुर्जर, शिशुपाल सिंह, सियाराम, हरिकेश मीणा आदि शामिल रहे।