Karoli एक रात में तीन घरों में चोरों ने लगाई लाखों की सेंध
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली के लांगरा थाना इलाके के सांकड़ा गांव में चोरों ने एक ही रात में तीन घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घरों से लाखों रुपए का सामान और रुपए चोरी कर लिए। सूचना पर पहुंची लांगरा थाना पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।थाना अधिकारी वासुदेव बसवाल ने बताया कि धर्मो पत्नी हरि सिंह, बृजमोहन पुत्र बाबूलाल और रमेश पुत्र टुनटुन निवासी सांकड़ा ने अपने घरों में आधी रात को दीवार में सेंध मारकर और ताला खोलकर चोरी होने सूचना दी। एफआईआर में बताया कि आधी रात को चोर घर की दीवार में सेंध लगाकर घुसे और अलमारी और कमरों के ताले तोड़कर सोने चांदी के गहने, रुपए और अन्य सामान को चोरी करके ले गए।
एफआईआर में रमेश माली ने बताया कि उसके घर में अलमारी और बक्शे का ताला तोड़कर दोनों पुत्र वधुओं की एक-एक जोड़ी नथ, मांग टीका, दो पत्री, चांदी की कोंदनी, चांदी की दो जोड़ी सांठ, दो नाक के सोने के कांटे और 55 हजार 700 रुपए की नकदी चोरी करके ले गए। बृजमोहन पुत्र बाबूलाल माली ने बताया कि मकान से रात को दो चांदी की कोंदनी, एक चांदी का चूड़ा, एक चांदी का सटका, एक सोने की पत्री आदि सामान को दीवार तोड़कर चोर चुरा कर ले गए। इसी प्रकार धर्मो पत्नी हरि सिंह ने बताया कि मकान की खिड़की और बक्शे का ताला तोड़कर दो चांदी की कोंदनी, तीन जोड़ी कानों के झाले, एक पत्री सोने की, एक पेंडिल सोने का, बीजों वाला, एक जोड़ी जोले चांदी का सामान चोर चुरा कर ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
