Aapka Rajasthan

Karoli एक रात में चोरी की 6 वारदात, नकदी, लाखों के आभूषण पार

 
Karoli एक रात में चोरी की 6 वारदात, नकदी, लाखों के आभूषण पार
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली  लांगरा कस्बे में मंगलवार रात चोरों ने खूब धमाचौकड़ी मचाई। एक ही रात में 6 घरों के ताले तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका-मुआयना साथ। वहीं साइबर सेल टीम व एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। एक साथ 6 घरों में चोरी की वारदात को लेकर दिनभर कस्बे में चर्चा बनी रही। जानकारी के अनुसार चोरों ने सबसे बड़ी वारदात बहादुर मीना पुत्र पीतम के घर में की, जहां से चोर करीब 14 तोला सोने के आभूषण और करीब 2.50 किलो चांदी के आभूषण को चुरा ले गए।

इतना ही नहीं चोरों ने वारदात के दौरान घर में रखे करीब 8 किलो देशी घी और दही का भी नहीं छोड़ा। आभूषण के साथ चोर घी और दही को भी चुरा ले गए।इसके अलावा चोरों ने रामकिशन मीना, सुरेश चंद मीना अध्यापक, जीतेन्द्र कुमार मीना, गोपाल प्रजापत, और मीठालाल प्रजापत के घरों के भी ताले तोड़ दिए।घर में रखे बक्से व अलमारियों को खंगाला। जिसमें जीतेन्द्र कुमार के घर से 12 हजार रुपए चुरा ले गए, जबकि अन्य शेष घरों से भी छुटपुट सामान को ले उड़े। सूचना पर लांगरा थानाधिकारी वासुदेव प्रसाद मय जाप्ता के मौके पर पहुंचे और चोरी की जानकारी ली।थानाधिकारी ने बताया कि वे रात्रि को एक बजे के आसपास मय टीम के गश्त पर थे। लांगरा गांव में शोरगुल होने पर वे मौके पर भी पहुंच गए, लेकिन घरों के आसपास जंगल व अंधेरे का लाभ उठाकर चोर भागने में सफल हो गए। इधर एक साथ 6 घरों में चोरी की सूचना पर बुधवार सुबह करौली से पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम और साइबर सेल टीम तथा एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके से फुटेज व फिंगर प्रिंट जुटाए।