Aapka Rajasthan

Karoli चांदी के हिंडोले में झूले मदनमोहन, जयकारों से गूंजा परिसर

 
Karoli चांदी के हिंडोले में झूले मदनमोहन, जयकारों से गूंजा परिसर

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली लघु वृंदावन के नाम से प्रसिद्ध और बृज संस्कृति से ओतप्रोत करौली में सावनी तीज पर बुधवार को बृज का नजारा साकार होते दिखा। सावनी मौके पर करौली के प्रसिद्ध मदनमोहनजी मंदिर सहित अनेक मंदिरों में भगवान के विग्रहों को चांदी के झूले में झुलाने की झांकी सजाई गई। भगवान के चांदी के हिंडौले की झांकी के दर्शनों के लिए रिमझिम बारिश के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। क्षेत्र के प्रसिद्ध मदनमोहन मंदिर में हजारों लोगों की भीड़ झूला झांकी के दर्शन करने के लिए पहुंची है। बारिश की रिमझिम फुहारों के बीच सुबह से ही मंदिर में दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। धीरे-धीरे श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। सुबह जैसे ही भगवान की झूला की झांकी दर्शन के लिए पट खुले तो मंदिर प्रांगण बंशीवारे के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर खुशहाली की मनौती मांगी।

इस मौके पर करौली जिले के सपोटरा, हिण्डौन, मण्डरायल, नादौती, टोडाभीम के अलावा धौलपुर के बाड़ी, बसेड़ी, धौलपुर, सवाईमाधोपुर जिले के गंगापुरसिटी, सवाईमाधोपुर, खण्डार सहित लालसोट आदि स्थानों से हजारों श्रद्धालु भगवान के दर्शनों को पहुंचे। इधर मदनमोहनजी के अलावा शहर के नवलबिहारीजी, गोविन्ददेवजी आदि मंदिरों में भी भगवान की झूला झांकी सजाई गई।

भीड़ के मद्देनजर श्रद्धालुओं को नवलबिहारीजी मंदिर की ओर से मंदिर में प्रवेश के लिए निकाला गया, जबकि दर्शन करने के बाद बारी पाड़ा, नगरपालिका भवन वाले रास्ते से निकाला गया। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए शहर में दो पहिया और चौपहिया वाहनों का प्रवेश बंद रखा। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात रहा, लेकिन भीड़ के चलते उन्हें खूब मशक्कत करनी पड़ी। डीएसपी अनुज शुभम सहित पुलिस प्रशासनिक अधिकारी भी मंदिर पहुंचे और व्यवस्थाओं को देखा।डीएसपी अनुज शुभम ने बताया कि एक तरफ यातायात के साथ परकोटे में दो पहिया और चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहा। बाजार और मंदिर में 90 पुलिस के जवान, करौली सदर, महिला थाना और यातायात पुलिस भी तैनात रही।