Karoli 6.58 ग्राम स्मैक के साथ सप्लायर गिरफ्तार, बाइक जब्त
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली की लांगरा थाना पुलिस ने स्मैक की सप्लाई करने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पुलिस ने 6.58 ग्राम स्मैक, एक बिना नंबर की बाइक, 500 रुपए और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस आरोपी भूर सिंह निवासी गढ़ी का गांव से स्मैक की सप्लाई को लेकर पूछताछ कर रही है। आरोपी के तार बारां, झालावाड़ जिले के स्मैक तस्करों से जुड़े हुए हैं। लांगरा थाना अधिकारी बासुदेव बसवाल ने बताया कि हेड कॉन्स्टेबल मिश्रीलाल, कॉन्स्टेबल गणेश, रामवीर, पुष्पेन्द्र, रिन्कू सिंह और बबलू सिंह के साथ गश्त के लिए लांगरा, गढ़ी का गांव, ढहर, भीकमपुरा से सांकडा मोड़ ताल के पास पहुंचे। इस दौरान नाकाबंदी की तो करौली की ओर से एक बाइक आती हुई दिखाई दी।
आरोपी पुलिस को देखकर वापस मुड़ने लगा। जल्दबाजी में बाइक फिसलकर रोड पर गिर गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेरकर आरोपी को रोका और नाम पता और पुलिस को देखकर वापस जाने का कारण पूछा। तो आरोपी ने घबराते हुए अपना नाम भूरसिंह (25) पुत्र गिर्राज मीना निवासी गढ़ी गांव थाना लांगरा बताया। थानाधिकारी ने आरोपी भूरसिंह की तलाशी ली तो उसकी जेब में मोबाइल फोन, 500 रुपए और सफेद रंग की पारदर्शी पॉलीथिन में भूरे रंग का मटमैला पदार्थ मिला। थानाधिकारी ने जांच की तो मटमैला पदार्थ स्मैक निकला। आरोपी से स्मैक की खरीद फरोख्त के बारे में पूछताछ की गई। उसने बताया कि वो इकलेरा के पास गया और 10 ग्राम स्मैक खरीद कर लाया था। स्मैक के लिए उसने 48 हजार रुपए दिए। जिसमें से कुछ पी ली और कुछ को करौली में पीने वालों को बेच दिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। स्मैक तस्करी के काम आ रही बिना नंबर बाइक, आरोपी के जेब में मिले मोबाइल और 500 रुपए को भी जब्त किया है।
