Aapka Rajasthan

Karoli विद्यार्थियों को अब गणित और विज्ञान सीखने में होगी आसानी

 
Karoli विद्यार्थियों को अब गणित और विज्ञान सीखने में होगी आसानी
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली  राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की ओर से विद्यार्थियों को गणित और विज्ञान जैसे विषयों में सैद्धांतिक के साथ प्रायोगिक रूप से शिक्षण कराने के लिए किट भेजी गई हैं, ताकि विद्यार्थियों के अधिगम में सुधार हो सके। अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक (समसा) इन्द्रेश तिवाड़ी ने बताया कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत जिले के 467 राजकीय विद्यालयों में गणित और विज्ञान किट का वितरण किया जाएगा। इसमें 173 राजकीय उच्च माध्यमिक तथा 294 राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं।कार्यक्रम अधिकारी राजकुमार ओझा ने बताया कि राउमावि की गणित किट में 26, विज्ञान किट में 72 तथा राउप्रावि की गणित किट में 23 तथा विज्ञान किट में 64 प्रकार की शिक्षण अधिगम सामग्री प्राप्त हुई है। इन किटों का 467 राजकीय विद्यालयों में शीघ्र वितरण होगा।

किट में उपलब्ध सामग्री :विद्यार्थियों को गणित और विज्ञान संबंधी प्रायोगिक शिक्षण कराने के लिए किट में लेबोरेट्री व क्लिनिकल थर्मामीटर, पिंग पोंग बॉल, थर्माकॉल बॉल, मैगनेटिक कम्पास, बीकर, कम्पाउंड माइक्रोस्कॉप, हॉफ एंड फुल प्रोटेक्टर, रैक्सिन बैग विद पॉकेट्स आदि शामिल हैं।

न्यून परीक्षा परिणाम वाले स्कूलों में होगा सुधार

गणित और विज्ञान किट की सहायता से करके और देख कर समझने की विधा द्वारा विद्यार्थियों में शीघ्र अधिगम हो सकेगा। विद्यार्थियों में जिज्ञासा व उत्साह का वातावरण निर्मित होगा। वैज्ञानिक सोच व गणित तथा विज्ञान जैसे विषयों के प्रति रुचि विकसित होगी जिससे न्यून परिणाम वाले विद्यालयों में भी सुधार हो सकेगा।