Karoli स्मार्ट कक्षा बनी कबाड़, लाइब्रेरी से बच्चों को नहीं मिल रही किताबें
करौली न्यूज़ डेस्क, शिक्षा अधिकारियों की ओर से जिले के विद्यालयों में किए जा रहे औचक निरीक्षण में अव्यवस्थाओं के मिलने का सिलसिला जारी है। कहीं शिक्षक नदारद मिलते हैं तो कहीं सफाई व्यवस्था बदहाल है। और तो और राज्य स्तरीय समान अर्द्धवार्षिक परीक्षा के प्रति भी शिक्षक गंभीर नहीं है। गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी इन्द्रेश तिवाड़ी, समसा के एपीसी बिजेन्द्र प्रसाद शर्मा, समसा के कार्यक्रम अधिकारी मेघराज मीना और शंकरलाल शर्मा ने जिले के विभिन्न विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा के मद्देनजर औचक निरीक्षण किया तो कई विद्यालयों में अव्यवस्थाएं सामने आई।
जिला शिक्षा अधिकारी इन्द्रेश तिवाड़ी ने बताया कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय बाढ़ नयावास रायसना का निरीक्षण किया, जहां महज 14 बच्चों का नामांकन पाया गया, जबकि विद्यालय में 6 शिक्षक कार्यरत थे। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने संस्था प्रधान को आवश्यक कमियों में सुधार कर नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रायसना के निरीक्षण में सामने आया कि अर्द्धवार्षिक परीक्षा के विद्यार्थियों को समय से पूर्व ही छोड़ दिया गया। 9वीं व 11वीं के बच्चों की कॉपियों को एकत्र कर शिक्षक कार्यालय में मौजूद मिले।
इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने फटकार लगाते हुए राज्य स्तरीय समान परीक्षा की गुणवत्ता व गोपनीयता को ध्यान में रखने की हिदायत दी। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इसी क्रम में राजकीय माध्यमिक विद्यालय रायसना में चार शिक्षक अनुपस्थित मिले, जिनकी कोई छुट्टी नहीं लगाई गई थी। इसके अलावा विद्यालय परिसर में गंदगी का आलम मिला। रसोईघर में भी सफाई नहीं मिली। स्मार्ट क्लास रूम भी पूरी तरह कबाड़ बना हुआ था। पोषाहार मीनू के अनुसार नहीं बनाया जा रहा था। स्टाफ छत पर बैठकर गपशप में मशगूल था। पोषाहार भी व्यवस्थित रूप से नहीं रखा मिला। इन अव्यवस्थाओं को लेकर संस्था प्रधान को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए कहा है। इसी क्रम में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय मालियों की ढाणी रायसना का अवलोकन किया जिसमें पोषाहार चूल्हे पर पकाया जा रहा था और अक्टूबर माह से बच्चों को लाइब्रेरी की पुस्तक नहीं की जा रही थी। स्मार्ट क्लासरूम में गंदगी का अंबार लगा था। स्मार्ट क्लासरूम का कोई भी बच्चा उपयोग नहीं कर रहा है। टाइम टेबल लगाने के लिए संस्था प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। महात्मा गांधी विद्यालय जीतकीपुर के अवलोकन में केन्द्र अधीक्षक प्रधानाचार्य विद्यालय से नदारद मिले और मोमेंट रजिस्टर में बिना किसी कारण को लिखे हुए, उन्होंने विद्यालय छोड़ दिया। इस पर कारण बताओ नोटिस जारी किया। संस्था प्रधान द्वारा विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों के बिना अवकाश स्वीकृत किए वेतन उठाया गया, जिसके लिए भी संस्था प्रधान को जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पदमपुरा, बालिका छात्रावास दलपुरा विद्यालयों का टीम ने निरीक्षण किया।
