Karoli करणपुर-कैलादेवी सड़क की संशोधित स्वीकृति जारी करने के लिए पत्र भेजा
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली सपोटरा विधायक हंसराज मीणा ने मुयमंत्री एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री को करणपुर-कैलादेवी एमडीआर-3 की संशोधित स्वीकृति जारी करने के लिए पत्र भेजा है। विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि कैलादेवी -करणपुर 34 किलोमीटर सड़क मार्ग में से 16 किलोमीटर सड़क मार्ग का कार्य (डीबीएम एण्ड बीसी) सहित पूर्ण हो चुका है। 15 किलोमीटर सड़क का कार्य प्रगति पर है। 3 किलोमीटर घाटी सड़क मार्ग का टेण्डर निरस्त कर दुबारा से तकमीना कर संशोधित स्वीकृति कर घाटी सड़क मार्ग का अलग से टेण्डर जारी करवाएं। विधायक ने मानसून में भारी बारिश के कारण घाटी के सड़क मार्ग में लैंडस्लाइड होने के कारण घाटी का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होकर टूट गई है। जिससे आवागमन के रास्ते की चौड़ाई भी कम हो गई है। ऐसे में परेशानी बढ़ गई है।
अत: घाटी के पोर्शन का सार्वजनिक निर्माण विभाग के अभियंताओं द्वारा निरीक्षण किया जाए तथा दुबारा से तकमीना कर संशोधित स्वीकृति की जाए। पिछले दिनों निर्माण विभाग के अभियंताओं ने भी घाटी में निरीक्षण कर बरसात से हुए नुकसान की जानकारी ली थी। विधायक ने घाटी के पोर्शन के 3 किलोमीटर सड़क मार्ग की स्वीकृत राशि को कम बताते हुए इसे निरस्त कर सक्षम अभियंताओं द्वारा निरीक्षण करवाकर प्लान तैयार करने, संशोधित स्वीकृत करने का आग्रह किया है। ताकि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो सके।
