Karoli अवैध मीट की दुकानें व बूचड़खाने सीज, थमाए नोटिस
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली जिला मुख्यालय पर अवैध रूप से संचालित बूचड़खाने और मीट दुकानों पर नगर परिषद के कार्मिकों ने आकस्मिक छापा डालकर जांच पड़ताल की। इस दौरान बिना लाइसेंस के संचालित होने वाले अवैध मीट की दुकानों और बूचड़खानों को सीज करने की कार्रवाई की गई।नगर परिषद आयुक्त करणी सिंह ने नगर परिषद कार्मिकों और पुलिस टीम के साथ गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मीट दुकानों और बूचड़खानों पर छापा डाला। इस दौरान लाइसेंस नहीं होने पर दुकानों को सीज किया गया। नगर परिषद आयुक्त ने कहा है कि क्षेत्र में बिना निर्धारित लाइसेंस के दुकान संचालित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर 5 अवैध मीट की दुकान और बूचड़खानों को सीज किया है।

उन्होंने बताया कि पूर्व में जिला मुख्यालय पर संचालित 28 अवैध बूचड़खाने और मीट की दुकानों को नोटिस जारी किए थे। नोटिस जारी करने के बाद गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित बूचड़ खाने और मीट की दुकानों पर छापा डाला गया। यहां गौरतलब है कि भाजपा नेता अशोक पाठक ने नगर परिषद क्षेत्र में करीब तीन दर्जन अवैध बूचड़खाने और मीट की दुकान संचालित होने की शिकायत की थी।
