Aapka Rajasthan

Karoli रबी फसल सीजन में तीन जिलों में गेहूं, चना और सरसों का बीज तैयार किया जाएगा

 
Karoli रबी फसल सीजन में तीन जिलों में गेहूं, चना और सरसों का बीज तैयार किया जाएगा

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली रबी के सीजन में करौली जिला सहित तीन जिलों में किसान फसल के साथ गेहूं, चना व सरसों के बीजों का उत्पादन करेंगे। जिसके लिए फसल के साथ खेतों में बीजों के लिए बुवाई की जाएगी। राजस्थान स्टेट सीड्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड के हिण्डौन संयंत्र में किसानों के लिए रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं, चना व सरसों के आधार बीजों की किट बनाई जा रही है। जो किसानों को अपने खेतों में बीज उत्पादन के लिए दी जाएगी। किसानों द्वारा उत्पादित बीज का प्रमाणीकरण के बाद आगामी वर्ष रबी सीजन में विक्रय किया जाएगा।

मौजूदा रबी फसल के सीजन में राजसीड्स यूनिट को गेहूं की दो किस्मों का 12 हजार, चनेे की दो किस्मों का 13 हजार क्विंटल तथा सरसों की तीन किस्मों का 3900 क्विंटल बीज तैयार करने का लक्ष्य मिला है। दरअसल राजस्थान राज्य सीड्स कॉर्पोरेशन द्वारा बीज उत्पादन प्रक्रिया के तहत किसानों से रबी व खरीफ सीजन में आधार बीज किट से फसल बुवाई कराई जाती है। जिससे किसानों को आगामी फसली सीजन के लिए गुणवत्ता पूर्ण बीज उपलब्ध कराए जा सके। गांव क्यारदा खुर्द स्थित राजसीड्स की इकाई द्वारा करौली, गंगापुरसिटी व सवाईमाधोपुर जिला कार्य क्षेत्र के करीब 1580 हैक्टेयर भूमि में गेहूं, चना व सरसों की बीजोत्पादन के लिए खेती कराई जाएगी।इसके लिए संयत्र में सरसों को 13 क्विंटल, चना का 700 क्विंटल व गेहूं का 320 क्विंटल बीज तैयार किया गया है। प्लांट में बीजों की पैकिंग तैयार की जा रहे हैं। इससे राजसीड्स को रबी की तीनों फसलों की सात किस्मों की 29 हजार क्विंटल से अधिक बीज तैयार होने का अनुमान है।

अधिकतम भाव में बोनस दे खरीदेंगे बीज : राजसीड्स संयंत्र के बीज अधिकारी डॉ. आशुतोष पांडेय ने बताया कि बीज उत्पादन फसल की उपज को कृषि मंडी या एमएसपी के अधिकतम भाव पर खरीदी जाएगी।

साथ ही किसान को बोनस राशि भी दी जाएगी। रबी सीजन के बीज उत्पादन में तिल पर 750 रुपए से 2000 रुपए तक प्रति क्विंटल राशि देय है। किसानों से फसल के साथ उपजाए बीजों की खरीद के लिए कृषि उपज मंडी में राजसीड्स की दुकान भी है।