Aapka Rajasthan

Karoli तापमान बढ़ते ही फैलने लगी मौसमी बीमारियां, बढे मरीज

 
Karoli तापमान बढ़ते ही फैलने लगी मौसमी बीमारियां, बढे मरीज

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली जिले में मानसून की वापसी के साथ बढ़ते तापमान से जिले में मौसमी बीमारियां पैर पसार रही हैं। बच्चे, बुजुर्ग, महिला और युवा मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। इसके चलते करौली जिला अस्पताल के आउटडोर-इनडोर में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। सामान्य अस्पताल में आउटडोर में इन दिनों ढाई से तीन हजार तक मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं इनडोर में मरीजों की संख्या भी 300 और इससे अधिक पहुंच रही है।जिला अस्पताल में स्वीकृत पलंगों की संख्या से काफी अधिक मरीजों के भर्ती होने से वार्डों में बेडों की कमी पड़ने लगी है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाएं बनाने में मशक्कत भी करनी पड़ रही है। स्थिति यह है कि एक पलंग पर दो-दो मरीजों का इलाज करना पड़ रहा है। इसके बाद भी संख्या बढ़ने से कई मरीजों का बैंच पर इलाज करना पड़ रहा है।

जिला अस्पताल के दोनों भवनों शहर और मण्डरायल मार्ग पर दिन प्रतिदिन मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार इन दिनों अस्पताल में खांसी, जुकाम, वायरल, पेट दर्द आदि के मरीजों की संख्या बढ़ी हुई है। इस बार जिले में झमाझम बारिश का दौर चला है। इसके चलते कई जगह जलभराव हो गया। अब पिछले कुछ दिनों से मौसम भी खुला है तो बीच-बीच में बूंदाबांदी का दौर शुरू हो जाता है।

जिला अस्पताल वर्तमान में दो स्थानों पर संचालित हो रहा है। शहर के मध्य और मंडरायल मार्ग पर नवनिर्मित भवन में सामान्य अस्पताल का संचालन हो रहा है, लेकिन इन दिनों आउटडोर और इनडोर मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण अस्पताल प्रशासन को अतिरिक्त पलंग लगाकर व्यवस्थाएं करनी पड़ रही हैं। जो भी नाकाफी साबित हो रही है।डॉक्टरों का कहना है कि इन दिनों अस्पताल में खांसी, जुकाम, वायरल के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। मौसमी बीमारियों के लिए सावधानी बरती जानी चाहिए। साथ ही समय पर डॉक्टर की सलाह ली जाए।