Aapka Rajasthan

Karoli अवैध बजरी खनन रोकने गई पुलिस से हाथापाई, आरोपी जेसीबी लेकर फरार

 
Karoli अवैध बजरी खनन रोकने गई पुलिस से हाथापाई, आरोपी जेसीबी लेकर फरार 

करौली न्यूज़ डेस्क,  गंभीर नदी में बजरी का अवैध खनन रोकने गई पुलिस टीम से आरोपियों ने हाथापाई कर दी और जब्तशुदा जेसीबी को छुड़ा ले गए। अवैध खनन में लिप्त लोगों की भीड़ जुटने से पुलिस मौके से बजरी से भरी व एक रीती ट्रैक्टर-ट्रॉली को नहीं ला पाई। हालांकि पुलिस तीन जनों को निरुद्ध कर ले आई। मामले में श्रमहावीरजी के थाना अधिकारी कैलाश चंद ने वजीरपुर थाना इलाके के 21 जनों को नामजद कर विभिन्न 10 धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार गुरुवार को सुबह करीब 9.30 बजे हिण्डौन डीएसपी गिरधरसिंह गंभीर नदी में बजरी के अवैध खनन होने की सूचना पर सनेट गांव पहुंचे। जहां से नदी पेटे में कुछ दूर चलने पर कटकड़ के एनीकट के पास एक जेसीबी से बजरी खनन होता नजर आया। मौके पर एक ट्रैक्टर ट्रॉली बजरी से भरी व दूसरी खाली खड़ी थी। ऐसे में डीएसपी ने निकटम थाना श्रीमहावीरजी के एसएचओ कैलाश चंद को फोन किया। थानाअधिकारी मय जाब्ता के मौके पर पहुंचे। जहां डीएसपी नेे तीनों वाहनों व चालकों को निरुद्ध किया हुआ था। इस दौरान दो चालक ट्रेक्टरों को लेकर गांव खंडीप की ओर भाग गए। पुलिस व डीएसपी बाइकों से एस्कोर्ट कर जब्तशुदा जेसीबी को चालक से चलवा कर ला रहे थे। नदी पेटे के रास्ते बाइक, बोलेरो और जुगाड़ में सवार होकर खंडीप से आए महिला-पुरुषों ने उन्हें रोक लिया और कार्रवाई को लेकर कहासुनी कर जेसीबी को अपने कब्जे में ले लिया। महिलाओं ने पुलिस दल से उलझना शुरू कर दिया।

आरोपियों ने दो पुलिसकर्मियों से हाथापाई भी कर दी। साथ ही भीड़ ने पुलिस दल को बंधक बनाने व मारने की धमकी दी। ऐसे में पुलिस टीम जेसीबी को नहीं ला सकी। घटना स्थल सदर थाना क्षेत्र में होने से श्रीमहावीरजी एससचओ ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले की जांच नई मंडी थाना अधिकारी रामकिशन यादव को सौंपी गई है। इस संबंध में डीएसपी गिरधर सिंह का कहना है कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गंभीर नदी में अवैध बजरी खनन के सम्बध में थाना अधिकारी श्रीमहावीरजी के साथ संयुक्त कार्यवाही कर एक जेसीबी को जब्त किया गया था, जिसको खण्डीप गांव के आरोपी पुलिस दल पर हमला कर छुड़ा ले गए। जिसके सम्बध में सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। नई मंडी थानाअधिकारी जांच कर रहे हैं। मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।