Karoli एक ही मैच में जड़े दो शतक, भरतपुर टीम को दी शिकस्त
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से जयपुर में चल रही सीनियर कॉल्विन क्रिकेट प्रतियोगिता में करौली जिले की क्रिकेट टीम ने मंगलवार को अपने दूसरे मैच में भरतपुर जिले की टीम को 203 रनों से करारी शिकस्त दी। विशेष बात यह है कि इस मैच में करौली जिले के दो खिलाडिय़ों ने शतक भी बनाए। जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष अनिल शर्मा ने बताया कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए करौली टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 354 रन का स्कोर खड़ा किया। जिसमें सर्वाधिक रन हरजीत सिंह 151, मोहमद गाजी ने 100, अमित भारद्वाज ने 40 रन नाबाद, अतरसिंह ने 28 रन, भूपेंद्र शर्मा ने 15 रन नाबद, जय गोयल ने 22 रन बनाए। इसके बाद स्कोर का पीछा करते हुए भरतपुर की पूरी टीम महज 151 रन पर आउट हो गई।
बॉलिंग में करौली टीम के जय गोयल ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए, जबकि अतर सिंह, कुलदीप सिंह ने 2-2 विकेट, भूपेंद्र शर्मा ने 1 विकेट लिया। इस प्रकार करौली ने अपना दूसरा मैच 203 रन से जीत लिया। करौली की लगातार दूसरी जीत पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव शिवचरन माली, अध्यक्ष ओमप्रकाश पाठक, उपाध्यक्ष अनिल शर्मा, अरुण शर्मा, संजय पाल, अखिलेश चतुर्वेदी मैनेजर, रवि पाठक, प्रवीण शुक्ला एवं प्रियाकांत बेनीवाल ने खुशी जताई है।उपाध्यक्ष शर्मा ने बताया कि जिला क्रिकेट संघ करौली द्वारा चयनित टीम के खिलाडिय़ों ने पहली बार कॉल्विन क्रिकेट प्रतियोगिता में दो खिलाड़ियों ने एक ही मैच में शतक लगाए।
