Karoli सरपंच बोले, स्वीकृति के अभाव में जरूरतमंदों को नहीं मिल रहा रोजगार
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली मांगों को लेकर सरपंच संघ सपोटरा की ओर से एक दिन पहले यहां जिला परिषद कार्यालय परिसर में शुरू किया गया धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। वहीं मांगों के समर्थन में मंगलवार को जिले में सरपंचों ने राजीव गांधी सेवा केन्द्रों पर तालाबंदी भी कर दी। अब मांगों के पूरा नहीं होने पर बुधवार से जिलेभर के सरपंचों ने भी धरने में शामिल होने की चेतावनी दी है। सरपंच संघ सपोटरा के अध्यक्ष जौहरीलाल मीना, बगीदा सरपंच रामनिवास मीना, कन्या देवी बड़ौदा गजराजपाल, चन्द्रप्रकाश मीना औडच सहित अन्य ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 तथा 2024-25 में अब तक मनरेगा योजना में कोई भी कार्य की वित्तीय स्वीकृति ग्राम पंचायतों में जारी नहीं की गई है। इससे जॉबकार्ड धारकों को रोजगार नहीं मिल पा रहा है। इस संबंध में कई बार जिला कलक्टर एवं विधायक को अवगत कराया जा चुका है।
तकनीकी अधिकारियों द्वारा बार-बार पंचायतों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों पर आक्षेप लगा दिया जाता है। सरपंचों ने मनरेगा योजना में वित्तीय स्वीकृति जारी कराने की मांग की है। इसके अलावा सरपंच संघ की ओर से जिला परिषद व पंचायत समिति के समायोजन शिविर लगाने की भी मांग की गई है। इधर राजस्थान सरपंच संघ करौली जिलाध्यक्ष छगनबाई प्रकाश ने बताया कि सपोटरा सरपंच संघ की ओर से दिए जा रहे धरने का समर्थन किया गया है। उन्होंने बताया कि मनरेगा में कार्यों की स्वीकृति नहीं की जा रही है। समायोजन कार्य भी अटक पड़ा है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि मंगलवार को जिलेभर में राजीव गांधी सेवा केन्द्रों पर तालाबंदी की गई है। बुधवार से जिले के सरपंच भी अनिश्चितकालीन धरने में शामिल होंगे।
