Aapka Rajasthan

Karoli 33 दिन बाद भी शहर में वही हालात, जलभराव से राहत नहीं

 
Karoli 33 दिन बाद भी शहर में वही हालात, जलभराव से राहत नहीं 
करौली न्यूज़ डेस्क, अतिवृष्टि को आए 33 दिन हो गए हैं,लेकिन शहर के हालातों में सुधार नहीं हुआ। राज्य सरकार के मंत्रियों से लेकर आला अधिकारियों के दौरों व कवायद के बाद भी शहर के लोगों को जलभराव की समस्या से राहत नहीं मिली है। बुधवार रात भर हुई झमाझम बारिश से बाजारों में रास्ते जलमग्न होने के साथ दुकानों में पानी भर गया। गुरुवार शाम तक बाहरी क्षेत्र से तेज बहाव के साथ बाजार की ओर पानी की आवक जारी रही। तहसील कार्यालय में शहर में 57 मिमी बारिश दर्ज की है। वहीं खरेटा रोड पम्प हाउस पर तीन पेड़ व दो विद्युत पोल गिर गए।

बुधवार दोपहर में पम्पसेटों से जलनिकासी से कटरा बाजर क्षेत्र के दुकानदारों हालात सामान्य होने की उम्मीद बंधी थी, लेकिन देर शाम 7 बजे से गुरुवार सुबह 7 बजे तक चले बारिश के दौर से हालात और बदतर हो गए। बाजारों में तीन फीट जलभराव होने के साथ दुकानों में पानी भर गया।वहीं खारी नाले में निकासी से अधिक बाहर से बहकर पानी आने से दोपहर में बाजार जल स्तर बढ़ गया। ऐसे में कटरा बाजार, कम्बलबाल मार्केट, पुरानी मंडी बाजार सराफा बाजार में करीब सौ दुकानें नहीं खुली। डेम्परोड चौराहा तक सड़क पर उपकारागृह तक दुकानों के बाहर जलभराव रहा। इधर मौमस विभाग की ओर से तेज बारिश का पूर्वानुमान होने दुकानदारों ने जलभराव के बीच दुकान व गोदामों में सामान को सुरक्षित स्थान पर रखा।

एक्सईएन की कार पर गिरा पोल, बाल-बाल बचे : खरेटा रोड पम्प हाउस पर गुुरुवार शाम को दो विद्युत पोल गिर गए।एक पोल सड़क पर खड़ी एक्सईएन केएल मीणा की कार पर गिरा। गनीमत रही कि एक्सईएन कुछ दूर होने से बाल बाल बच गए। इधर सुबह 4.30 बजे बारिश के चलते आंधी में पम्प हाउस परिसर सहित प्रहलाद कुण्ड की पाल पर स्थित यूक्लिप्टस के तीन पेड़ गिर गए। इससे खरेटा रोड अवरुद्ध हो गया व पम्प हाउस की चारदीवारी गिर गई।