Karoli जनप्रतिनिधि बोले, हर बार बैठक में मुद्दे उठते , लेकिन समाधान नहीं होता
जिला प्रमुख शिमला देवी की अध्यक्षता में शुरू हुई बैठक में जिला कलक्टर नीलाभ सक्सेना भी उपस्थित रहे। जिला परिषद के मुय कार्यकारी अधिकारी शिवचरण मीना ने बैठक की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद करौली विधायक दर्शनसिंह गुर्जर, सपोटरा विधायक हंसराज मीना, टोडाभीम विधायक घनश्याम महर सहित जिला परिषद सदस्यों ने अपने क्षेत्रों के मुद्दे उठाते हुए अधिकारियों से समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं होने की शिकायत की। विधायकों सहित जिप सदस्यों ने जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों की मरमत नहीं की शिकायत करते हुए नाराजगी जताई।
विधायक-सदस्य बोले कि सड़कें खुदी पड़ी हैं। ठेकेदारों ने सड़क मरमत के नाम पर लीपापोती कर डाली, जिससे अब वे धंस रही हैं। लोग परेशान हैं, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे। काम हुआ नहीं है, भुगतान रोका जाए। सपोटरा विधायक ने कहा कि ग्राम पंचायतों में सरपंच सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर हमसे शिकायत करते हैं। टोडाभीम विधायक घनश्याम महर बोले कि मरमत के नाम पर लीपापोती की गई है। इस पर जिला कलक्टर नीलाभ सक्सेना ने अधिकारियों की बैठक लेकर शीघ्र सड़कों को दुरुस्त कराने की बात कही। सदस्य रामसिंह ने समस्याओं का समाधान समय सीमा तय करके कराने की मांग उठाई। सदस्य भूपेन्द्र सोलंकी, रामसिंह सहित अन्य ने कहा कि पाइप लाइन जहां पर डाली गई हैं, वहां पर गड्ढे हो रहे हैं।
जलग्रहण में हो रहा फर्जीवाड़ा
विधायक दर्शनसिंह ने वाटरशेड (जलग्रहण) के कार्यों में फर्जीवाड़ा होने का आरोप लगाया। वे बोले कि मोठियापुरा में फर्जी मस्टररोल भरी गई हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि अभियंता ही फर्जीवाड़ा करा रहे हैं। इस पर कलक्टर ने जांच कराने का आश्वासन दिया।बैठक में मौजूद जिला प्रमुख, विधायक, कलक्टर, अधिकारी व जनप्रतिनिधि तथा सीएमएचओ से शिकायत करते सपोटरा विधायक।
