Aapka Rajasthan

Karoli रोडवेज पुरानी बसें और जाम खिड़कियां, यात्री परेशान

 
Karoli रोडवेज पुरानी बसें और जाम खिड़कियां, यात्री परेशान
करौली न्यूज़ डेस्क,भीषण गर्मी और झुलसाती लू के बीच यात्रियों को रोडवेज की खटारा बसों में यात्रा करने की मजबूरी बनी हुई है। कई बसों में क्षतिग्रस्त सीट और खिड़कियां जाम होने से मौसम की मार से बचाव नहीं होने से यात्री परेशान हो रहे हैं। निजी बसों में यात्रियों की अधिकता और परेशानी भरे सफर से बचने के लिए अधिकांश लोग रोडवेज बस में सफर करना पसंद करते हैं, लेकिन भीषण गर्मी और लू में रोडवेज में सफर करना यात्रियों के लिए मुसीबत भरा हो रहा है। रोडवेज की कई बसों में खिड़कियों के शीशे जाम हैं। कई लोग गुटखा के खाली पाउच या अन्य वस्तु खिड़की के बीच फंसाकर दोनों ओर खुलने वाले शीशे को जाम कर देते हैं और गंतव्य आने पर उतरकर चले जाते हैं। ऐसे में खिड़कियों के शीशे जाम रहने से यात्रियों को न तो पर्याप्त हवा मिलती है और न ही लू की मार से बचा जा सकता है। खिड़की नहीं खुलने की स्थिति में कई बार यात्रियों में आपस में कहासुनी होना भी आम है। ऐसे में यात्रियों को रोडवेज में सफर के दौरान कष्टप्रद यात्रा करनी पड़ रही है।

पड़ताल में सामने आया कि कई यात्री पूरी ताकत से खिड़कियों के शीशे खोलने का प्रयास करते हैं लेकिन खिड़की नहीं खुलने पर उन्हें यात्रियों की भीड़ के कारण हैरान, परेशान होकर उसी सीट पर बैठना पड़ता है। इसके चलते ज्यादा समस्या बच्चे, महिला व बुजुर्गों को होती है। इसके अलावा यात्रियों ने बताया कि कई बसों की सीट ही टूटी हुई तथा क्षतिग्रस्त होने से उन्हें मजबूरन लंबी दूरी का सफर कष्टप्रद करना पड़ रहा है। करौली से धौलपुर, जयपुर, सवाईमाधोपुर, खाटूश्यामजी आदि स्थानों पर लंबी दूरी की बसों में यात्रियों को ज्यादा समस्या आ रही है।