Aapka Rajasthan

Karoli सड़क निर्माण कार्य में नहीं आ रही तेजी, बढ़ रही वेटिंग

 
Karoli सड़क निर्माण कार्य में नहीं आ रही तेजी, बढ़ रही वेटिंग

करौली न्यूज़ डेस्क, शहर में ढाई वर्ष से मंथर गति से रेंग रहा रेलवे ओवर ब्रिज से करौली रोड पर अभय विद्या मंदिर तक सीसी सड़क निर्माण कार्य की स्थिति नौ दिन चले अढ़ाई कोस जैसी हो रही है। यानी सप्ताहभर के काम के बाद पखवाड़े और महीनों का विश्राम। अक्टूबर माह दूसरे सप्ताह में ठप पड़ा सड़क निर्माण काम 21 दिन बाद गुरुवार शाम को शुरू हुआ। लेकिन कार्य कितने दिन चलेगा, इसका पता नहीं। यही वजह है कि तय कार्यावधि की तुलना में ढाई गुणा समय बीतने के बावजूद बाद भी सड़क के निर्माण को रफ्तार नहीं मिली है। शुरुआत के कार्यारंभ को पौने तीन वर्ष होने को है, लेकिन सड़क की एक लेन का निर्माण शत प्रतिशत पूरा नहीं हुआ है। बार-बार काम बंद होने से लोगों का शहर के प्रमुख मार्ग पर वाहन से सुगमता से निकलने का इंतजार लम्बा होता जा रहा है। यदि कार्य की यही रफ्तार रही तो सड़क का निर्माण पूरा होने में एक वर्ष और लग सकता है।

शहर के मुख्य मार्ग स्टेशन रोड ओवर ब्रिज से करौली रोड पर मोक्षधाम मोड़ तक बनाई जा रही सीसी सड़क के निर्माण मानकों को लेकर लोगों द्वारा प्रारंभ से ही असंतोष जताया गया। ऐसे में कुछ दिन निर्माण, फिर काम बंद रहने से ढाई गुना से अधिक अवधि बीतने से सड़क़ का आधा निर्माण भी पूरा नहीं हो सका है। अक्टूबर माह के दूसरे सप्ताह में मुख्य अभियंता (गुण नियंत्रण) जसवंत लाल खत्री द्वारा गठित चार सदस्यीय टीम के सड़क की गुणवत्ता और मानकों की जांच करने आने के दौरान कार्य बंद हो गया।

ऐसे में सड़क निर्माण की पेवर मशीन करौली रोड पर अभय विद्या मंदिर स्कूल के पास खड़ी रही। गत दिवस सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता द्वारा संवेदक को सख्ती के ताकीद करने पर गुरुवार शाम को श्रमिक बुलवाकर मशीन से कार्य शुरू किया गया। लेकिन मौके पर यातायात के दबाव में चंद मीटर बमुश्किल सड़क बना पाए। गौरतलब है कि ओवर ब्रिज से करौली रोड़ तक सड़क के पुनर्निर्माण के लिए वर्ष 2022 में राज्य सरकार ने 19 करोड़ रुपए की घोषणा की थी। इसके तहत सार्वजनिक निर्माण विभाग ने 21 जुलाई 2022 को 14.91 करोड़ रुपए लागत से जयपुर की बालाजी रोड्स इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड को सड़क निर्माण के कार्यादेश जारी किए थे।

नहीं हटाए पोल-ट्रासंफार्मर:

सड़क निर्माण सीमा में लगे विद्युत पोल, फ्यूज बाक्स व ट्रांसफार्मर दो वर्ष बाद भी पूरी तरह नहीं हटे हैं। इससे कई स्थानों पर बीच में कार्य अधूरा छोड़ना पड़ा है। जबकि चौपड़ से ओवर ब्रिज तक पोल-ट्रांसफार्मर सड़क सीमा में लगे हैं। गौरतलब है कि विद्युत पोल व ट्रांसफर्मरों को हटाने के लिए मई 2023 में विद्युत निगम को 61 लाख 16 हजार 417 रुपए जमा कराए थे।