Aapka Rajasthan

Karoli बारिश से रास्ते बने दरिया, आवागमन बाधित

 
Karoli बारिश से रास्ते बने दरिया, आवागमन बाधित
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली जिला मुयालय पर बारिश के चलते एक बार फिर हालात खराब हो गए। मुय रास्तों में जलभराव होने से आवागमन अवरुद्ध हुआ, वहीं निचले इलाकों में पानी भरने से कई घरों में पानी घुस गया। इससे लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी।शहर में बुधवार सुबह से गुरुवार सुबह तक लगातार हुई 120 मिमी बारिश के चलते रामद्वारा के समीप का मार्ग लबालब हो गया। वहीं पावर हाउस, होली खिड़कियां से ट्रक यूनियन मार्ग के रास्ते में पानी भर गया। ऐसे में दिनभर आवागमन बाधित हुआ। दरिया बने रास्तों से कई स्कूली बच्चे घुटनों तक भरे पानी से आवाजाही करते दिखाई दिए। कई बच्चे पानी मेें गिरकर भीग गए। इस मार्ग से गुजरने के दौरान कई दोपहिया वाहन भी पानी के कारण बंद हो गए।

ऐसे में लोगों को मशक्कत कर निकलना पड़ा। पिछले दिनों भी इन मार्गों पर पानी भर गया था, जिसके बाद कलक्टर व एसपी ने जलभराव क्षेत्रों का जायजा लेकर नगरपरिषद को जलभराव की समस्या के समाधान के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी भी स्थिति जस की तस है। जलभराव के चलते पावर हाउस क्षेत्र, वीर हनुमानजी क्षेत्र के कई घरों में पानी घुसने की समस्या के चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। उधर पांचना बांध क्षेत्र में भी बुधवार सुबह से गुरुवार सुबह 8 बजे तक 200 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके चलते क्षेत्र के गांवों के खेत लबालब हो गए। सड़क तक पानी आ गया।

बांध के तीन गेटों से शुरू की जल निकासी

जिले का सबसे बड़ा पांचना बांध गुरुवार को फिर लबालब हो गया। इसके चलते एक बार फिर बांध के तीन गेट खोलकर गंभीर नदी में पानी की निकासी करनी पड़ी है।क्षेत्र में बुधवार रात झमाझम बारिश का दौर चलने के बाद गुरुवार को बांध का जलस्तर बढ़कर 258.25 मीटर पहुंच गया और पानी की आवक जारी रही। जल संसाधन विभाग के एक्सईएन सुशील कुमार गुप्ता ने बताया कि बांध का गेज 258.25 मीटर पर पहुंचने पर बांध के गेट नबर 2, 4 व 6 को खोलकर गंभीर नदी में पानी की निकासी की जा रही है। तीनों गेटों से करीब 4 हजार क्यूसेक पानी की निकासी शुरू की गई है। उन्होंने गंभीर नदी क्षेत्र के लोगों से गंभीर नदी के आसपास नहीं जाने की अपील की है। गौरतलब है कि पांचना बांध की कुल भराव क्षमता 258.62 मीटर है। इससे पहले भी 1 अगस्त को बांध का जलस्तर बढऩे पर तीन गेट खोलकर गंभीर नदी में पानी की निकासी की गई थी।