Karoli रीता रक्त संग्रहण केंद्र, जिला ब्लड बैंक ने आपूर्ति से खींच लिया हाथ
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली जिले के दूसरे जिला स्तरीय चिकित्सालय में एक बार फिर रक्त का टोटा हो गया है। रक्त संग्रहण केन्द्र में महज 2 दो यूनिट रक्त शेष रहा है। जबकि चिकित्सालय में दो वर्ष बाद भी ब्लड बैंक शुरू नहीं होने से बिना रक्तदान के (रिप्लेसमेंट ) के रोगियों को एक माह में 53 यूनिट रक्त लगा दिया गया। चिकित्सालय के मांग पत्र पर मदर ब्लड बैंक करौली ने स्वयं के यहां कमी बता कर रक्त संग्रहण केन्द्र को आपूर्ति देने से हाथ खींच लिए हैं। अब चिकित्सालय प्रशासन ने रक्त मिलने की उमीद से जयपुरिया अस्पताल ब्लड बैंक को मांग पत्र भेजा है।
दरअसल जुलाई माह में करीब एक सप्ताह तक रिजर्व मोड पर रहे रक्त संग्रहण केन्द्र को 28 जुलाई को जयपुरिया ब्लड बैंक से 50 यूनिट रक्त की आपूर्ति हुई थी। रक्त संग्रहण केन्द्र के 5 यूनिट रक्त से उपलब्धता 55 यूनिट हो गई थी। प्रसव और रक्ताल्पता पीड़ितों को चिकित्सकों के परामर्श पर प्रति दिन 2-3 यूनिट रक्त जारी किया गया। ऐसे में 30 दिन में 53 यूनिट रक्त खप गया। रक्त की कमी को देखते हुुए 28 अगस्त को करौली ब्लड बैंक को 53 यूनिट रक्त का मांग पत्र भेजा, लेकिन वहां अपर्याप्तता बताकर आपूर्ति देने से इनकार कर दिया।
एक्सपायरी नजदीक होने से पड़ा खपाना: चिकित्सालय सूत्रों के अनुसार रक्त संग्रहण केन्द्र में उपब्लब्ध रक्त की उपयोग अवधि 1 सितबर तक है। ऐसे में रक्त को रिजर्व रखने के बजाय जरुरतमंद रोगियों को जारी करना पड़ा। शुक्रवार को दो यूनिट रक्त जारी करने से रक्त की उपलब्धता दो यूनिट रह गई है।
