Karoli राइजिंग राजस्थान से जिले को मिलेगी विकास की उड़ान
Oct 9, 2024, 12:26 IST
करौली न्यूज़ डेस्क, देश के आकांक्षी जिलों में शुमार करौली जिले में आगामी वर्षों में विकास के पंख लगने की उमीद है। अभी तक विकास के लिए कदमताल कर रहे करौली में अब राइजिंग राजस्थान कार्यक्रम से भविष्य के सुनहरे सपने संजोए जा रहे हैं।जी हां राज्य सरकार की ओर से आगामी 25 अक्टूबर को राइजिंग राजस्थान कार्यक्रम के अन्तर्गत होने वाले इन्वेस्टर मीट कार्यक्रम में लगभग 2400 करोड़ रुपए के एमओयू होने जा रहे हैं। यदि सब कुछ ठीक रहा और एमओयू होने के बाद समय पर समझौते धरातल पर उतरते हैं तो न केवल जिले में विकास को पंख लगेंगे, बल्कि रोजगार का मार्ग भी प्रशस्त होगा। जिला उद्योग एवं वाणिज्य विभाग सूत्र बताते हैं कि बड़े होटल, उद्योग, कारखाना, कोल्ड स्टोरेज सहित अन्य उद्योगों के लिए बड़े उद्यमी आगे आ रहे हैं , जो जिले में निवेश करके बड़े स्तर पर इकाईयां स्थापित करेंगे। इसके लिए अभी तक करीब 2400 करोड़ रुपए के प्रस्ताव आ चुके हैं। जो आगामी 25 अक्टूबर को जिला प्रशासन की ओर से होने वाले इन्वेस्टर मीट कार्यक्रम में फाइनल हो जाएंगे। जिला उद्योग एवं वाणिज्य विभाग सहित खनिज विभाग, रीको, शिक्षा विभाग आदि की ओर से उद्यमियों से संपर्क कर उन्हें जिले में उद्योग लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इनके लिए आए प्रस्ताव
जिले के फुलवाड़ा गांव में करीब 55 करोड़ रुपए की लागत से होटल एण्ड रेस्टोरेंट के दो प्रस्ताव आए हैं, जबकि कुड़गांव के समीप बीजलपुर गांव में करीब 10 करोड़ रुपए के निवेश से कोल्ड स्टोरेज लगाने का भी प्रस्ताव है। इसके अलावा कैलादेवी क्षेत्र के सैमरदा गांव में करीब 10 करोड़ के निवेश से सिलिका प्रोजेक्ट प्रोसेसिंग यूनिट भी लगाना प्रस्तावित है। वहीं नादौती क्षेत्र में दो सोलर प्लांट लगाने की भी तैयारी है। इसके लिए तीन मेगा वाट के प्लांट के लिए 12 करोड़ और एक मेगावाट प्लांट के लिए 4 करोड़ रुपए के प्रस्ताव आ चुके हैं।इनके अलावा एग्रो इंडस्ट्रीज, एजुकेशन इंस्टीटयूट आदि के लिए भी प्रयास चल रहे हैं।
