Aapka Rajasthan

Karoli पंजीकृत गौशालाओं में सुधरेगी गायों की सेहत, मिलेगी धनराशि

 
Karoli पंजीकृत गौशालाओं में सुधरेगी गायों की सेहत, मिलेगी धनराशि

करौली न्यूज़ डेस्क, गोपालन विभाग की ओर से प्रदेशभर की पंजीकृत गोशालाओं को दिए जाने वाले अनुदान की राशि में 10 प्रतिशत का इजाफा किया गया है, जो 1 अक्टूबर से लागू होगा। करौली सहित प्रदेश की सभी पंजीकृत गोशालाओं में तीन वर्ष या इससे छोटे गोवंश के लिए 22 रुपए तथा 3 वर्ष से बड़े गोवंश के लिए 44 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से सहायता राशि दी जाएगी। इस संबंध में गोपालन विभाग के शासन उप सचिव तुलसी खत्री ने आदेश जारी किए हैं। अनुदान राशि बढऩे से अब गोवंश की सेहत में भी सुधार हो सकेगा।

गौरतलब है कि बजट घोषणा के अनुसार प्रदेश में गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन की दृष्टि से पंजीकृत गोशालाओं को दिए जाने वाले अनुदान में 10 प्रतिशत की वृद्धि किया जाना शामिल था। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. गंगासहाय मीना ने बताया कि नवीन आदेश के तहत पंजीकृत गोशालाओं को दिए जाने वाले अनुदान में 1 अक्टूबर से 10 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। वर्तमान में गोशाला संचालकों को गोवंश के लिए सहायता राशि निधि नियमों के अनुसार 3 वर्ष से छोटे गोवंश के लिए 20 रुपए प्रतिदिन तथा 3 वर्ष से बड़े गोवंश के लिए 40 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से अनुदान दिया जाता है। नवीन आदेशों के अनुसार इस राशि में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।

जिले की 7 गोशालाओं को 1 करोड़ रुपए अनुदान

जिले में करीब 14 गोशालाएं पंजीकृत हैं। इनमें से 7 गोशालाएं ही क्रियाशील हैं। सरकारी सरकारी अनुदान प्राप्त इन क्रियाशील गोशालाओं में रहने वाले करीब 2273 गोवंश के लिए राज्य सरकार की ओर से वर्ष 2023-24 में करीब एक करोड रुपए अनुदान दिया गया।हाइवे और सड़कों पर विचरण करने वाले निराश्रित गोवंश के संबंध में शीघ्र ही कार्ययोजना बनाई जाएगी। इस संबंध में पार्षदों को भी अवगत कराया जा रहा है।