Aapka Rajasthan

Karoli राशन डीलरों ने कार्य बहिष्कार के बीच रैली निकाल कर जताया रोष

 
Karoli राशन डीलरों ने कार्य बहिष्कार के बीच रैली निकाल कर जताया रोष
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली चार सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले पांच दिन से कार्य बहिष्कार कर रहे राशन डीलरों ने सोमवार को यहां रैली निकालकर प्रदर्शन किया। राशन डीलर सर्किट हाउस पर एकत्रित हुए, जहां से रैली के रूप में कलक्ट्रेट रवाना हुए। इस दौरान राशन डीलर हाथों में मांगों को लेकर तती-बैनर लिए हुए थे। साथ ही नारे लगाते हुए आगे बढ़े। कलक्ट्रेट पहुंचकर राशन डीलरों ने विरोध-प्रदर्शन करने के बाद मांगों को लेकर मुयमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। उधर राशन डीलरों के कार्य बहिष्कार के चलते जिले में गेहूं वितरण आदि का कार्य प्रभावित हो गया है। राजस्थान राज्य राशन विक्रेता संघर्ष समिति करौली के जिलाध्यक्ष अभिमन्यु कौशिक, जिला उपाध्यक्ष रमेश मीना बालौती ने बताया कि राशन डीलर कई वर्षों से गेहूं का वितरण करके सेवा करते आ रहे हैं। कोरोना काल हो या अन्य कोई आपदा महामारी, राशन डीलर्स ने हमेशा सहयोग किया है। उसके बाद भी उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हो रही है, बल्कि उचित मूल्य दुकानदारों के स्थान पर जीएसएस एवं अन्य संगठनों द्वारा राशन वितरण करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

जिलाध्यक्ष ने बताया कि राशन डीलरों द्वारा लबे समय से राशन डीलरों को प्रतिमाह 30 हजार रुपए मानदेय देने, गेहूं पर 2 प्रतिशत छीजत देने, क्योंकि जो गेहूं आता है उसमें एफसीआई से काफी कम तोल बैठती है, करीब 6 माह से राशन विक्रेताओं का केंद्र व राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाला कमीशन शीघ्र दिलाने, आधार सीडिंग की राशि , प्रवासी योजना के तहत वितरण कराए गेहूं का कमीशन व ई-केवाईसी सीडिंग का मानदेय दिए जाने की मांग की जा रही हैं। जिलाध्यक्ष ने बताया कि इस बीच एक राशन डीलर का निधन भी हो गया है। ऐसे में सरकार को मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए। इस दौरान गोपी शर्मा, गोपाल लाल गुप्ता, कैलाशचन्द गुप्ता, शाकिर खान, रोहित, नेमीचन्द मीना, रामराज मीना, नेमीचन्द कोली, वेदराम, पप्पू मण्डरायल, दिलीप महमदपुर सहित अन्य आदि राशन डीलर मौजूद रहे।