Karoli रैपिड एक्शन फोर्स-पुलिस के जवानों ने निकाला फ्लैग मार्च
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली आमजन में विश्वास, कानून व्यवस्था के मजबूत होने का संदेश देने और सुरक्षा की दृष्टि से मॉक ड्रिल के तहत रैपिड एक्शन फोर्स और करौली कोतवाली पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। करौली कोतवाली से शुरू हुआ फ्लैग मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान रैपिड एक्शन फोर्स और पुलिस के हथियारबंद जवान शामिल रहे। पुलिस के जवान बदमाश और गड़बड़ी फैलाने वाले लोगों को कड़ाई से निपटने और आमजन को विश्वास बनाए रखने का संदेश देते हुए चल रहे थे।
करौली थानाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि विभिन्न सुरक्षात्मक उपाय के तहत करौली में रैपिड एक्शन फोर्स की एक कंपनी पहुंची है। रैपिड एक्शन फोर्स और पुलिस के जवानों द्वारा करौली जिला मुख्यालय पर फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च कोतवाली से हिंडौन दरवाजा, बड़ी हटरिया, ढोलीखार, खार, हटवाड़ा, चटीकना सहित शहर के विभिन्न कॉलोनी और मोहल्ले से निकला। फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को किसी भी विपरीत परिस्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहने का संदेश दिया है। उन्होंने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन को पुलिस में विश्वास कायम करना और अपराधी तथा गड़बड़ी फैलाने वाले तत्वों को कड़ाई से निपटने का संदेश देना है। थानाधिकारी ने बताया कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य क्षेत्र के संवेदनशील, अति संवेदनशील क्षेत्रों से परिचित होना और आपात स्थिति में अधिक कारगर ढंग से निपटने के लिए तैयार होना है।
