Aapka Rajasthan

Karoli सुप्रीम कोर्ट के आदेश के विरोध में निकाली रैली, बाजार रहे बंद

 
Karoli सुप्रीम कोर्ट के आदेश के विरोध में निकाली रैली, बाजार रहे बंद

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए आरक्षण में क्रीमी लेयर और वर्गीकरण के आदेश के विरोध में अनुसूचित जाति जनजाति संयुक्त संघर्ष समिति द्वारा करौली में बंद का आयोजन किया गया। बंद के दौरान करौली शहर के अधिकतर बाजार बंद रहे। आदेश के विरोध में अंबेडकर सर्किल से करौली कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली गई। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर कलेक्ट्रेट पहुंची। जहां एडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन के दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव, करौली के पूर्व विधायक लाखन सिंह मीणा, पूर्व विधायक सुरेश मीणा, अंबेडकर पार्क समिति अध्यक्ष उदय सिंह जाटव, संघर्ष समिति के प्रोफेसर केएल मीणा, करौली जिला प्रमुख प्रतिनिधि रक्षी लाल, भाजपा की करौली-धौलपुर सांसद प्रत्याशी रही इंदु देवी जाटव ने भी रैली से पूर्व सभा को संबोधित किया।

करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव ने कहा कि केंद्र सरकार संविधान से छेड़छाड़ कर आरक्षण को खत्म करना चाहती है। उन्होंने लैटरल एंट्री को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा। सांसद ने कहा कि ये एससी-एसटी की एकता का ही परिणाम है कि सरकार को लैटरल एंट्री का आदेश वापस लेना पड़ा। उन्होंने सरकार से संसद में प्रस्ताव पारित कर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को निरस्त करने और पूर्व की भांति आरक्षण का लाभ दिए जाने की मांग की।

इसी प्रकार करौली के पूर्व विधायक लाखन सिंह मीणा, पूर्व विधायक सुरेश मीणा और संघर्ष समिति के प्रोफेसर केएल मीणा ने भी सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लेकर केन्द्र सरकार पर जमकर आरोप लगाए और पूर्व की भांति एससी-एसटी वर्ग को आरक्षण का लाभ देने की मांग की।क्रीमी लेयर के आदेश के विरोध में रैली अंबेडकर पार्क से सुबह 11 बजे रवाना हुई जो गणेश गेट, भूड़ारा बाजार, बड़ा बाजार, फूटाकोट, हिंडौन गेट, गुलाब बाग, हाथी घटा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। रैली में शांति और सुरक्षा के लिए एडीएम राजवीर चौधरी, एएसपी शंकर लाल मीणा, डीएसपी अनुज शुभम, तहसीलदार महेंद्र गुर्जर सहित पुलिस और आरएसी के 500 से अधिक जवान तैनात रहे। रैली की निगरानी ड्रोन और वीडियो एवं फोटोग्राफी के माध्यम से भी की गई।बंद को लेकर जिला प्रशासन द्वारा करौली नगर पालिका क्षेत्र में स्कूल कॉलेज बंद रखे गए और इंटरनेट पर भी पाबंदी रही।