Aapka Rajasthan

Karoli दिखावा बनी अन्नपूर्णा रसोइयां, 9 माह से लटका ताला

 
Karoli दिखावा बनी अन्नपूर्णा रसोइयां, 9 माह से लटका ताला

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली कोई भी गरीब व्यक्ति भूखा नहीं सोए। सभी को 8 रुपए में स्वादिष्ट और पौष्टिक खाना मिले, इसके लिए राज्य में अन्नपूर्णा रसोई योजना शुरू की गई। वहीं सच्चाई यह है कि करौली में रसोई का संचालन करने वाली संस्थाओं की ओर से गंभीर अनियमितताएं बरतने पर अधिकांश को ब्लैक लिस्टेड कर दिया गया है।ऐसे में गरीबों के निवाले पर करीब 9 माह से ताला लटका हुआ है और अन्नपूर्णा रसोई बंद होने के चलते जरुरतमंद योजना के लाभ से वंचित हैं। गौरतलब है कि जिला मुख्यालय पर नगर परिषद क्षेत्र में संचालित अन्नपूर्णा रसोई केंद्रों पर फर्जी कूपन व फोटोग्राफ अपलोड कर थालियों की संख्या बढ़ाने सहित अन्य अनियमितताओं की लगातार आ रही शिकायतों के मद्देनजर विधायक दर्शन सिंह गुर्जर ने 24 अप्रेल 2024 को इन रसोई केन्द्रों की जांच के संबंध में नगर परिषद आयुक्त को पत्र लिखा था, जिसमें कई अनियमितताएं उजागर होने पर 4 संस्थाओं को ब्लैक लिस्टेड किया गया। 2 संस्थाओं ने स्वेच्छा से काम बंद कर दिया। इससे मात्र तीन अन्नपूर्णा रसोइयां ही संचालित हो रही हैं। ऐसे में योजना को ग्रहण लगा हुआ है।

जांच में सामने आई थी अनियमितताएं

गौरतलब है कि जिला मुख्यालय पर नगरपरिषद क्षेत्र में रोडवेज बस स्टैंड के पास, न्यू एमसीएच हॉस्पीटल के पास, सिटी पार्क के पास, भट्टा चौराहा, मासलपुर चुंगी के पास, सरकारी कॉलेज के पास, वार्ड 7 मैगजीन, नदी गेट ढोलीखार तथा पुराना हॉस्पीटल मेें अन्नपूर्णा रसोई संचालित की जा रही थी। जांच में इन रसोई केन्द्रों पर नियमित रूप से फर्जी कूपन व फोटोग्राफ अपलोड करने सहित अन्य अनियमितताओं की लगातार शिकायत मिलने पर विधायक ने इनकी जांच के संबंध में नगर परिषद के तत्कालीन आयुक्त को पत्र लिखकर अवगत कराया। जांच में एक ही समय में तीन केंद्रों पर भोजन करने, पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ से फोटो लेकर कूपन जारी करने, 10 मिनट से पूर्व एक ही व्यक्ति के दो बार कूपन कटने जैसी गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर रोडवेज बस स्टैण्ड, न्यू एमसीएच हॉस्पीटल के पास, सिटी पार्क के पास तथा मासलपुर चुंगी के पास संचालित अन्नपूर्णा रसोई का संचालन करने वाली संस्थाओं को ब्लैक लिस्टेड किया गया। बाद में शिकारगंज तथा राजकीय कॉलेज के पास संचालित रसोई केन्द्र संस्थाओं ने स्वेच्छा से काम बंद कर दिया। ऐसे में फिलहाल पुराना हॉस्पीटल, वार्ड 7 मैग्जीन तथा नदी गेट ढोलीखार में ही अन्नपूर्णा रसोई केन्द्रों का संचालन किया जा रहा है।