Karoli पौषबड़ा प्रसादी के लिए लोगों का लगा रहा तांता, सजाई झांकी
Jan 6, 2025, 15:41 IST
करौली न्यूज़ डेस्क , करौली गांव के बस स्टैंड स्थित महादेव मंदिर पर रविवार को भक्तों की ओर से पौषबड़ा महोत्सव का आयोजन किया गया। मंदिर पर भगवान के भोग लगाकर प्रसादी का वितरण किया। प्रसादी के लिए लोगों की भीड़ लग गई। हलवा व दाल के बड़े की प्रसादी का वितरण किया गया। इस दौरान सुरेश सेन अध्यापक, गिर्राज, द्वारका सेन, निरंजन आदि मौजूद रहे।गुढ़ाचंद्रजी कस्बे के पंचमढ़ी धाम स्थित नृसिंह भगवान मंदिर परिसर में पौष माह की षष्ठी के मौके पर रविवार को पौषबड़ा महोत्सव आयोजित किया गया। इस मौके पर नरसिंह भगवान की झांकी सजाई गई। संत मुनिश्वर दास महाराज ने बताया कि पौष बड़ा महोत्सव में मालपुआ व बड़े बनाए गए। प्रात: 11 बजे भगवान को भोग लगाने के बाद प्रसादी का वितरण किया गया। प्रसादी पाने के लिए देर शाम तक तांता लगा रहा। महिलाएं भजन गाती हुई मंदिर पहुंची। इससे पहले पंचामृत से अभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में श्री हलधर शास्त्रीय संगीत मंडल की ओर से सुंदरकांड का सामूहिक पाठ किया गया। इस मौके पर समाजसेवी लक्खीराम मीणा, हेमराज मीणा, विजय गुर्जर, बाड़ा सरपंच प्रतिनिधि शिवचरण मोदी आदि का सहयोग रहा।
इसी प्रकार तिमावा गांव के बीच स्थित गौंड बाबा के देवस्थान पर ग्रामीणों के सहयोग से रविवार को पौषबड़ा प्रसादी वितरित की गई। ग्रामीण महेंद्र गुप्ता व समय सिंह मीणा ने बताया की गौंड बाबा को भोग लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया। इस दौरान महेंद्र गुप्ता, योग प्रशिक्षक हेमराज मीणा, रामहंस मीणा, जगदीश मीणा, किरोड़ी मीणा, उमेश मीणा आदि मौजूद रहे।श्रीघटवासन देवी मंडल समिति के तत्वावधान में यहां घटवासन देवी के दरबार में सोमवार को पौषबड़ा महोत्सव आयोजित होगा। इस मौके पर घटवासन देवी की फूल बंगला झांकी सजाई जाएगी। समिति अध्यक्ष पूर्व सरपंच रामखिलाड़ी मीणा तिमावा ने बताया कि महोत्सव में बड़े एवं मालपुआ की प्रसादी बनाई जाएगी। जिसका प्रात: 10 बजे मां भगवती को भोग लगाकर श्रद्धालुओं को वितरण किया जाएगा।
