Karoli पुलिस दो देशी पिस्तौल व तीन जिंदा कारतूस किये जब्त, 3 गिरफ्तार
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली मासलपुर थाना पुलिस ने वारदात की फिराक में घूम रहे तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्तौल 315 बोर, एक 12 बोर पिस्तौल व 3 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। इस दौरान पुलिस ने एक चोरी के आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। मासलपुर थानाधिकारी नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने गाधौली मोड से सवीर (26) पुत्र राजवीर गुर्जर निवासी बैनपुरा थाना कंचनपुर जिला धौलपुर, सचिन (18) पुत्र श्रीभान निवासी बदरिया थाना नंदनपुर जिला धौलपुर व कृष्ण (30) पुत्र रामनाथ निवासी निधारा थाना सदर बाड़ी जिला धौलपुर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का एक देशी कट्टा, 12 बोर का एक कट्टा व 3 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। कार्रवाई में एएसआई विभीषण व टीम ने आरोपियों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई हरवीर सिंह को सौंपी गई है। एएसआई विभीषण ने बताया कि हेड कांस्टेबल परमजीत सिंह, कांस्टेबल सचिन, उदयभान, सोनवीर गश्त के लिए मासलपुर, बड़ापुरा-भवाली, छेंडकापुरा, खेड़िया मोड, समरपुरा होते हुए गढौली मोड पर पहुंचे और नाकाबंदी कर दी। इस दौरान मासलपुर की तरफ से एक सफेद रंग की बोलेरो आती दिखाई दी। बोलेरो को रुकने का इशारा किया तो चालक ने वाहन को गढौली की तरफ भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से उसे रुकवाया। पुलिस को देखकर आरोपी घबराने लगे तो पुलिस ने उनकी तलाशी ली। पुलिस आरोपियों से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त के बारे में पूछताछ कर रही है।
