Aapka Rajasthan

Karoli पुलिस ने शुरू किया 'हेलमेट पहनो, जीवन बचाओ' अभियान

 
Karoli पुलिस ने शुरू किया 'हेलमेट पहनो, जीवन बचाओ' अभियान

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली पुलिस द्वारा जिले में ' हेलमेट लगाओ, जान बचाओ' अभियान का आगाज किया गया। अभियान 12 से 18 सितंबर तक चलेगा। अभियान के प्रथम दो दिन बाइक चालक और सवारियों से समझाइश की जाएगी और हेलमेट लगाकर बाइक चलाने का संदेश दिया जाएगा। इस दौरान हेलमेट लगा कर बाइक चला रहे चालकों को एएसपी शंकर लाल मीणा, डीएसपी अनुज शुभम और थाना अधिकारी सुनील कुमार ने गुलाब का फूल भेंट कर हौसला अफजाई की। साथ बिना हेलमेट लगाए बाइक चलाने वाले वाहन चालकों को भी हेलमेट पहनने का संदेश दियाएएसपी शंकर लाल मीणा ने बताया कि 18 सितंबर तक चलने वाले अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जितने लोगों की सड़क हादसों में मौत होती है, उतनी तो आंतकी घटनाओं में भी नहीं होती। प्रतिदिन व्यक्ति जब घर से निकलता है तो उसके पीछे पूरा परिवार इंतजार करता है। उन्होंने बताया कि हेलमेट पहन कर वाहन चलाते समय अगर दुर्घटना होती है तो अधिकतर केवल शारीरिक चोट लगने की ही संभावना रहती है। हेलमेट पहनना और सीट बेल्ट लगाने से वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने पर चालक की जान बचने की संभावना अधिक होती है। शारीरिक चोटों का उपचार तो किया जा सकता है। लेकिन दुर्घटना में अगर जान चली जाए तो उसे वापस नहीं लाया जा सकता। ऐसे में आमजन को जागरूक करने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा चौपहियां वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आईजी राहुल प्रकाश और एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान करौली के गुलाब बाग, कलेक्ट्रेट सर्कल, ट्रक यूनियन, तीन बड़ सहित विभिन्न स्थानों पर वाहन चालकों से समझाइश की जा रही है।