Karoli पैरालिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल विजेता सुंदर गुर्जर को 1 करोड़ रु. का दिया चैक
करौली न्यूज़ डेस्क, महमदपुर| पेरिस पैरालिंपिक 2024 में भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बाद खिलाड़ियों के देश लौटने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रन फ़ॉर विकसित राजस्थान में खिलाड़ियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने खिलाड़ियों से उनके गेम्स के अनुभव को जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री शर्मा ने करौली जिले के देवलेन निवासी खिलाड़ी सुंदर गुर्जर से भी मुलाकात की और उनको एक करोड़ रुपए का चैक सौंपकर बधाई दी।

सुंदर गुर्जर ने बताया कि मुख्यमंत्री की दी गई इस सम्मान राशि को पाकर काफी खुशी है। मुख्यमंत्री ने हौसला अफजाई की है। मैं इसी हौसले के साथ आगे भी अच्छे से अच्छा खेलने का प्रयास करूंगा। इस गेम में करीब 6 माह पहले कंधे की मांसपेशियां फट गई थी जिससे वह रिकवर कर रहे थे। प्रतियोगिता के दिन भी उन्हें काफी दर्द था लेकिन चैंपियन ने हौसला नहीं हारा एवं दर्द निवारक गोलियां लेकर कांस्य पदक अपने नाम किया। सुंदर गुर्जर ने बताया कि मैंने हाथ खोया है हौंसला नहीं। मैंने मेहनत तो गोल्ड मेडल के लिए की थी, लेकिन इसमें मांसपेशियों के दर्द की वजह से कामयाब नहीं हो सका।
