Karoli पैंथर ने हमला कर बकरी को बनाया शिकार, लोगों में दहशत
Dec 12, 2024, 17:05 IST
करौली न्यूज़ डेस्क, वन विभाग के अधिकारी कर्मचारियों की उदासीनता के चलते बीते दो माह से कस्बे सहित आसपास के गांवों में पैंथरों के बढ़ते आतंक के चलते लोगों में दहशत फैली हुई है। मंगलवार रात को पैंथर ने हमला कर तिमावा गांव की ठोड़ी की ढाणी में एक जने की बकरी को शिकार बना दिया।वहीं पहाड़ियों में गायों के बछड़े सहित कई स्वानों को निवाला बना दिया। लेकिन वन विभाग के अधिकारियों द्वारा पैंथरों को रेस्क्यू करने की कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे लोगों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि गुढ़ाचंद्रजी वन क्षेत्र की सैकड़ों किलोमीटर में पहाड़िया स्थापित है, जिसमें आधा दर्जन पैंथरों का विचरण है। आए दिन लोगों को पैंथरों का मूवमेंट दिखाई देता है।
पैंथरों ने अब तक क्षेत्र में सैकड़ों भेड़ बकरियों सहित श्वानों को निवाला बना लिया है। इसके अलावा कई गोवंश का भी शिकार किया है। आए दिन पैंथरों के मूवमेंट से लोगों में भय है। इस समय खेतों में सरसों के साथ गेहूं व चने की फसल लहलहा रही है। इस कारण लोग खेतों पर जाने से कतराने लगे हैं। लेकिन इसके बाद भी विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। इससे लोगों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में क्षेत्रीय वन अधिकारी महेंद्र मीणा कहना है कि पैंथर का मूवमेंट लगातार क्षेत्र में चल रहा है। इसके लिए अलग-अलग दो टीम नियुक्त कर रखी है। जो लगातार बघेरों पर निगरानी रखे हुए हैं।
