Aapka Rajasthan

Karoli पांचना बांध को पर्यटन स्थल के रूप में किया जाएगा विकसित

 
Karoli पांचना बांध को पर्यटन स्थल के रूप में किया जाएगा विकसित

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली के सबसे बड़े बांध पांचना को पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करने को लेकर अब प्रशासन और कई विभाग भी हरकत में आए हैं। शुक्रवार को पर्यटन विभाग, जल संसाधन विभाग और सार्वजनिक निर्माण विभाग सहित कई विभागों के अधिकारी पांचना बांध पहुंचे। जहां उन्होंने पांचना बांध और आसपास की भूमि तथा दर्शनीय स्थलों का निरीक्षण कर पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करने के लिए रिपोर्ट तैयार की है। इस दौरान पांचना बांध पर पर्यटकों के लिए विभिन्न सुविधाओं और गतिविधियों को विकसित कराने के लिए विस्तार से चर्चा कर खाका तैयार किया है।

पांचना बांध को पर्यटन स्थल बनाने के लिए अधिकारियों ने किया दौरा। - Dainik Bhaskar

पर्यटन विकास समिति के पप्पू बैंसला ने बताया कि समिति द्वारा लंबे समय से पांचना बांध को पर्यटक स्थल के तौर पर विकसित करने के लिए विभिन्न माध्यमों से मुहिम चलाई जा रही है। इसको लेकर विभिन्न अधिकारियों और मंत्रियों को भी ज्ञापन सौंपे। इसके बाद पर्यटन विभाग सक्रिय हुआ और शुक्रवार को अधिकारियों का एक दल पंचना बांध पहुंचा। इस दौरान उन्होंने बांध के गेस्ट हाउस में बैठकर क्षेत्र में जमीन की उपलब्धता तथा आवश्यक संसाधन और सुविधाओं को लेकर चर्चा की।अधिकारियों ने पांचना बांध पर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सड़क और मूलभूत सुविधाओं के विकास तथा अन्य विषयों पर चर्चा की। इस दौरान जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता सुशील कुमार गुप्ता, पर्यटन विभाग के उपनिदेश मधुसूदन सिंह, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, पर्यटन विकास समिति के भानु प्रताप सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।