Karoli अब जिला स्तरीय धरना शुरू, पंचायतों में काम प्रभावित
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली एक ग्राम विकास अधिकारी से मारपीट के आरोपी के खिलाफ अब तक कार्रवाई नहीं होने से ग्राम विकास अधिकारियों में अब रोष बढ़ता जा रहा है। अभी तक ब्लॉक स्तर पर धरना दे रहे ग्राम विकास अधिकारियों ने शुक्रवार से जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि जब तक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक धरना जारी रहेगा। दूसरी ओर ग्राम विकास अधिकारियों के धरना-प्रदर्शन के चलते ग्राम पंचायतों में कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ जिला शाखा करौली के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में यहां पंचायत समिति परिसर स्थित नेहरू गार्डन में जिलेभर के ग्राम विकास अधिकारी एकत्रित हुए और मामले को लेकर धरने पर बैठ गए। इस दौरान ग्राम विकास अधिकारियों ने रोष जताते हुए कहा कि घटना को हुए करीब 25 दिन का समय हो चुका है, लेकिन पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि श्रीमहावीरजी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत अलीपुरा के ग्राम विकास अधिकारी आनंद सिंह गत 10 सितम्बर को शाम को भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्र अलीपुरा ग्राम पनवेडे होते हुए ग्राम सिकन्दरपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के आवेदन एवं स्वच्छता ही सेवा 2024 के तहत ब्लैक स्पॉट के फोटो लेने जा रहे थे।सिकन्दरपुर शमशान घाट के पास ई-मित्र की दुकान के सामने आम रास्ते में उनसे मारपीट करते हुए सरकारी दस्तावेज छीनकर फाड़ दिए गए। आनंद सिंह के गले से सोने की चेन और घड़ी भी आरोपी छीन ले गए।
उन्होंने बताया कि मामले की प्राथमिकी हिण्डौन सदर थाने में दर्ज कराई गई थी। साथ ही ग्राम विकास अधिकारियों की ओर से जिला कलक्टर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद को ज्ञापन भी सौंपे गए। उस समय तीन-चार दिन में आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन अधिकारियों की ओर से दिया गया, लेकिन अब तक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से ग्राम विकास अधिकारियों में रोष व्याप्त है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है। अब जिला स्तर पर जिलेभर के ग्राम विकास अधिकारियों ने धरना शुरू किया है। धरने में जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह सहित प्रदेश आईटी मंत्री नेमसिंह मीना, हिण्डौन ब्लॉक अध्यक्ष जगदीश जाट, नादौती ब्लॉक अध्यक्ष रामरामस्वरूप मीना, मण्डरायल ब्लॉक अध्यक्ष हिमांशु अवस्थी, मासलपुर ब्लॉक अध्यक्ष रणजीत सिंह, जिला महामंत्री अमृत लाल धोबी, ब्लॉक मंत्री सपोटरा महेन्द्र सिंह, श्रीमहावीरजी ब्लॉक अध्यक्ष चंदन सिंह बेनीवाल, टोडाभीम संगठन मंत्री संतोष शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
