Karoli अब नासूर बनने लगी रास्तों में जलभराव की समस्या
3 दिन से आवागमन हो रहा बाधित: जिला मुयालय पर अब पिछले तीन दिन से ये तीनों मार्ग दरिया बने हुए हैं। इससे आवागमन बाधित है। बुधवार रात जलभराव के बाद गुरुवार सुबह तक पानी उतरा तो राहत मिली, लेकिन शाम को फिर तीनों मार्गों पर जलभराव हो गया, जिसके चलते शुक्रवार सुबह से लोग जलभराव की समस्या झेलते रहे। इसके बाद शाम को पानी आवक और बढ़ गई। अधिक पानी आने से शनिवार को प्रमुख मार्गों पर आवागमन ठप सा हो गया। सुबह स्कूली बच्चों को विद्यालय पहुंचने में परेशानी हुई। गोशाला के समीप तो पानी अधिक होने से अनेक दोपहिया वाहन बंद हो गए, जिससे लोगों को मशक्कत कर उन्हें निकालना पड़ा। वहीं इन इलाकों के आसपास लोगों के घरों में भी पानी घुस गया, जिससे उन्हें परेशानी के साथ नुकसान भी झेलनी पड़ा।
कार सहित बहे दो जने, टीम ने निकाला सुरक्षित : क्षेत्र में शुक्रवार को हुई बारिश के चलते यहां होली खिड़कियां बाहर राधेश्याम फार्म हाउस के सामने देर रात कार सहित उसमें सवार दो जने नाले में बह गए। सूचना पर सिविल डिफेंस, एसडीआरएफ तथा पुलिस मौके पर पहुंची और कार सवार दोनों जनों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार रात करीब 12 बजे करौली निवासी सुरजीतकुमार और भरतपुर जिला निवासी जितेन्द्र कार से होली खिड़कियां मार्ग राधेश्याम फार्म हाउस के सामने से निकल रहे थे। मार्ग पर पानी अधिक होने से तेज बहाव में कार बह गई। हालांकि कुछ दूर जाकर कार एक दीवार से टकराकर अटक गई। कंट्रोल रूम पर सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकरलाल, पुलिस उपाधीक्षक अनुज शुभम, पुलिसकर्मी, सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान एसडीआरएफ प्रभारी फूलसिंह, सिविल डिफेंस प्रभारी प्रदीप सिंह, सिविल डिफेंस टीम के पवन, सचिन, अजय, पुष्पेंद्र सैनी, भूपेंद्र, ब्रजभूषण, तरुण, एसडीआरएफ टीम से बलराम, बलकार सिंह, पुनीत, धर्म सिंह, सुनील कुमार, नरेश कुमार, लखपत सिंह शामिल रहे। इधर सुबह कार को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया।
