Karoli अब अधिक किसानों को मिलेगा कृषि यंत्रों पर अनुदान
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली राज्य सरकार की ओर से कृषि यंत्रों पर मिलने वाला अनुदान अब अधिक किसानों को मिल पाएगा। किसान अब कृषि यंत्रों पर तीन वर्ष में एक ही बार अनुदान लें सकेंगे। सहायक कृषि अधिकारी कैलाश चंद्रवाल ने बताया कि वर्ष 2024-25 में जिला गंगापुर सिटी का 879 किसानों को अनुदान देने का लक्ष्य रखा है। कृषि यंत्रों की खरीद पर 267 .06 लाख रुपए का अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए 13 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। राधेश्याम मीना संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार गंगापुर सिटी ने बताया कि आवेदन के लिए किसान के पास स्वयं के नाम भूमि होनी चाहिए। टै्रक्टर का रजिस्ट्रेशन भी स्वयं के नाम होना चाहिए तथा मोबाइल नंबर आधार कार्ड से जुड़ा होना चाहिए। आवेदन करने के लिए नवीनतम जमाबंदी की नकल, टै्रक्टर की आरसी, कोटेशन जिसमें किसान की श्रेणी तथा टै्रक्टर की बीएचपी अंकित हो।किसान नजदीकी ई मित्र पर जाकर या स्वयं के स्तर से राज किसान साथी पोर्टल पर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पुराने कृषि यंत्रों पर अनुदान नहीं दिया जाएगा।
उप निदेशक कृषि विस्तार चेतराम मीना ने बताया कि अधिक किसानों को अनुदान का लाभ मिल सके इसके लिए अनुदान प्रक्रिया में सुधार किया गया है। अब एक जनाधार पर एक किसान को 3 वर्षों में सिर्फ एक ही कृषि यंत्र पर अनुदान मिलेगा, एक से अधिक ऑनलाइन आवेदन करवाने पर एक-एक आवेदन के लिए प्रशासनिक स्वीकृति जारी की जाएगी। अन्य आवेदन स्वत ही निरस्त कर दिए जाएंगे। इसी प्रकार ऑनलाइन आवेदन में कमी होने पर किसान को एस एम एस भेजा जाएगा। जिसके तहत 15 दिवस में कमी की पूर्ति नहीं होने पर आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। प्रशासनिक स्वीकृति के 45 दिन तक कृषि यंत्र नहीं लेने पर भी आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। इसी प्रकार 1 लाख रुपए से अधिक कीमत के कृषि यंत्रों पर ऐप आधारित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पवर्ड टेलीमेटिक्स किट लगाना अनिवार्य होगा। ट्रेक्टर की बीएचपी के आधार पर, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, लघु सीमांत व महिला कृषक को पचास प्रतिशत तथा अन्य कृषकों को 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। अनुदान पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा।
