Karoli आसमां से बरसा अमृत तो खुशियों से सराबोर हो उठे बांध और तालाब
करौली न्यूज़ डेस्क, प्रदेश में इस बार मेघों की मेहरबानी से बांध-तालाब लबालब होकर मुस्कुरा रहे हैं। सैकड़ों बांध-तालाब ओवरफ्लो होकर छलक रहे हैं। राज्य सरकार की ओर से अब जल महोत्सव मनाया जाएगा। राज्य सरकार की ओर से प्रदेश में जलझूलनी एकादशी के अवसर पर राजस्थान जल महोत्सव-2024 के आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। प्रदेश के सभी जिलों में 14 सितम्बर को जलझूलनी एकादशी पर राजस्थान जल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए मुख्य सचिव की ओर से प्रदेश के सभी जिला कलक्टर्स को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके लिए अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश में जल संसाधन विभाग के अधीन कुल 691 बांध हैं। इनमें से 357 बांध पूर्ण रूप से भर चुके हैं, जबकि 226 बांध आंशिक रूप से भरे हैं। इन सभी बांधों की भराव क्षमता 12900 एमसीएम है, जिसके मुकाबले इन बांधों में एक दिन पहले तक 10774 एमसीएम पानी का भराव हो चुका है। जो कि बांधों की कुल भराव का करीब 83 प्रतिशत है। गत वर्ष राज्य में इस अवधि तक बांधों में 8297 एमसीएम पानी आया था।
अमृत जल से छाया उल्लास, आएगी खुशहाली : प्रदेश में इस बार प्रकृति ने मानसून वर्षा के रूप में अमृत जल की सौगात दी है। लगातार नित नए जलाशय ओवरफ्लो हो रहे हैं। इस अमृत वर्षा से आगामी वर्ष में प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के साथ चहुंमुखी विकास होगा।जल संग्रहण को लेकर की जाएगी चर्चा : जल संग्रहण एवं जल मितव्यता के बारे में कार्यक्रम के दौरान चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम में महिलाओं, छात्र- छात्राओं को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ा जाएगा।कार्यक्रम का विभागों की ओर से व्यापक प्रचार-प्रसार राजीविका ग्राम संगठन तथा विभिन्न विभागों की ओर से किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
