Karoli सरसों उगने लगी, गेहूं की बुवाई का रकबा भी 33 हजार हेक्टेयर पहुंचा
इस बार कृषि विभाग की ओर से जिले में 55 हजार हैक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं की बुवाई का लक्ष्य रखा है, जिसके मुकाबले अब तक 32 हजार 966 हैक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं की बुवाई हो चुकी है। कृषि विभाग अधिकारियों के अनुसार आमतौर पर गेहूं की बुवाई का समय 7 नवम्बर से 25 नवम्बर के बीच होता है। हालांकि इस बार आधे नवम्बर माह तक सर्दी का असर कम रहा है। अब पिछले दो-तीन दिन से सर्दी में कुछ इजाफा हुआ है तो गेहूं की बुवाई में भी तेजी आई है। ऐसे में विभागीय अधिकारियों का कहना है कि लक्ष्य के अनुसार गेहूं की बुवाई समय पर पूरी हो जाएगी।इसी प्रकार इस बार जिले में 65 हजार हैक्टेयर क्षेत्रफल में सरसों की बुवाई का लक्ष्य निर्धारित था, जिसके मुकाबले जिले में 64 हजार 210 हैक्टेयर क्षेत्रफल में सरसों की बुवाई हो चुकी है। गौरतलब है कि जिले में रवी फसलों में मुख्यत: गेहूं, सरसों और चना की ही बुवाई की जाती है।
चने की लक्ष्य से दो गुना बुवाई : हालांकि जिले में चने का रकबा काफी कम है। ऐसे में विभाग की ओर से भी चना बुवाई के लक्ष्य काफी कम रखे गए। विभाग ने एक हजार हैक्टेयर क्षेत्रफल में चने की बुवाई का लक्ष्य रखा था, जिसके मुकाबले 2400 हैक्टेयर क्षेत्रफल में चने की बुवाई हुई है। जबकि अन्य फसल 2 हजार हैक्टेयर में बोई गई है।
