Karoli जनसमस्याओं का समाधान नहीं होने पर विधायक नाराज
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली जिला प्रमुख शिमला देवी की अध्यक्षता में बुधवार को साधारण सभा की बैठक आयोजित हुई। जिसमें जनसमस्याओं का समाधान नहीं होने पर विधायक सहित जिला परिषद सदस्यों ने अधिकारियों से नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कई बार मुद्दे उठाने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं होता है। कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने अधिकारियों को गंभीरता से समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। बैठक में करौली विधायक दर्शनसिंह गुर्जर, सपोटरा विधायक हंसराज मीना, टोडाभीम विधायक घनश्याम महर सहित जिला परिषद सदस्यों ने अपने क्षेत्रों की समस्याएं बताते हुए कहा कि समस्याओं के प्रति अधिकारी गंभीर नहीं होने की शिकायत की। जल जीवन मिशन के तहत पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं की शिकायत करते हुए नाराजगी जताई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सड़कें खुदी पड़ी हैं। ठेकेदारों ने सड़क मरम्मत के नाम पर लीपापोती कर डाली, जिससे अब वे धंस रही हैं। लोग परेशान हैं। जिला कलेक्टर ने अधिकारियों की बैठक लेकर शीघ्र सड़कों को दुरुस्त कराने की बात कही। सदस्य रामसिंह ने समस्याओं का समाधान समय सीमा तय करके कराने की मांग उठाई।
बैठक में करौली विधायक दर्शनसिंह ने वाटरशेड (जलग्रहण) के कार्यों में फर्जीवाड़ा होने का आरोप लगाया। कहा कि मोठियापुरा में फर्जी मस्टररोल भरी गई हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि अभियंता ही फर्जीवाड़ा करा रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने जांच कराने का आश्वासन दिया।सपोटरा विधायक हंसराज मीना ने डांग क्षेत्र के करणपुर कस्बे में एम्बुलेंस के खराब होने की शिकायत करते हुए सीएमएचओ से कारण पूछते हुए नाराजगी जताई। वे बोले कि एम्बुलेंस खराब पड़ी है, लेकिन आपके द्वारा ध्यान ही नहीं दिया जा रहा है। इस दौरान सपोटरा विधायक हंसराज मीना ने कैलादेवी में पेयजल संकट होने पर नाराजगी जताई। सदस्य भूपेन्द्र सोलंकी ने महूं में पेयजल समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नदी में लगे ट्रांसफार्मरों को हटाने के लिए कई बार मांग उठाई है, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा। सदस्य रामसिंह ने चंबल पेयजल परियोजना की मरम्मत नहीं कराने की शिकायत की।
