Aapka Rajasthan

Karoli पारा 1.4 डिग्री सेल्सियस, यात्री रात में सर्दी सहने को मजबूर

 
Karoli पारा 1.4 डिग्री सेल्सियस, यात्री रात में सर्दी सहने को मजबूर

करौली न्यूज़ डेस्क,  करौली दिसम्बर का पहला पखवाड़ा बीतने के साथ ही कंपाने वाली सर्दी का दौर शुरू हो गया है। रात का तापमान एक सप्ताह से 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चल रहा है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। लेकिन रेलवे स्टेशन के पास नगर परिषद ने रैन बसेरा शुरू नहीं किया है। ऐसे में रात्रिकालीन ट्रेनों के यात्रियों को स्टेशन पर खुले में प्लेटफार्मों पर बैठकर रात गुजारनी पड़ रही है। रेलवे स्टेशन पर करीब आधा दर्जन ट्रेनों का रात में ठहराव होता है। जिनसे ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों यात्री आवागमन करते हैं।

सर्दी में तेजी आने पर नगर परिषद की ओर से हर वर्ष रेलवे स्टेशन के पास ओवर ब्रिज के नीचे पांडाल लगा कर रैन बसेरा स्थापित किया जाता है। लेकिन इस वर्ष दिसम्बर का दूसरा सप्ताह बीतने के बाद भी रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रैन बसेरा स्थापित नहीं किया गया है। जबकि दिनों दिन सर्दी बढ़ने के साथ सर्द हवाओं का दौर शुरू हो गया है। रैन बसेरा के अभाव में देर रात ट्रेन से आए ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को स्टेशन पर खुले में ठहरना पड़ा। गौरतलब है कि रेलवे स्टेशन पर अमृत रेलवे स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास कार्यों के चलते इन दिनों रात बसर के लिए पर्याप्त प्रबंध नहीं हैं। प्रतीक्षालयों के निर्माणाधीन होने से यात्रियों का प्लेटफार्म की बैंचों व खुले मुसाफिर खाने में शॉल-कम्बल के सहारे सर्द रात बितानी पड़ती है। आश्रय स्थल भी बदहाल: नगर परिषद के आश्रय स्थलों की स्थिति बदहाल है। शहर में चिकित्सालय के पास व रोडवेज बस स्टैण्ड के सामने दो स्थाई आश्रय स्थल हैं। इनमें समुचित व्यवस्थाएं नहीं है। वर्षों पुराने गंदे रजाई-गद्दों से उठती दुगन्ध से व्यक्ति का सहजता से नींद लेना मुश्किल है। सुलभ सुविधाओं की अपर्याप्तता भी रैन बिताने की आस में पहुंचे लोगों को सालती है।