Aapka Rajasthan

Karoli चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच बंद रहे बाजार

 
Karoli चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच बंद रहे बाजार

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली एससी, एसटी आरक्षण में क्रीमीलेयर पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के विरोध में भारत बंद के तहत करौली में बंद सफल रहा। समाज के लोगों ने शांतिपूर्वक रैली निकाली, वहीं कलक्टर नीलाभ सक्सेना और एसपी बृजेश उपाध्याय पल-पल की खबर पर नजर रखे हुए थे। ड्रोन टीम से भी निगरानी की गई।पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एससी, एसटी संयुक्त संघर्ष समिति जिला इकाई के बैनर तले समाज के लोग अबेडकर पार्क पर एकत्रित हुए, जहां से करीब 11.15 बजे रैली के रूप में रवाना हुए। रैली में सांसद भजनलाल जाटव, पूर्व विधायक लाखन सिंह मीना, पूर्व विधायक सुरेश मीना, बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जमनालाल जाटव सहित समाज के प्रमुख लोग मौजूद रहेे। इस दौरान कई युवा बाइकों पर सवार होकर हाथों में बैनर-झंडियां लेकर नारे लगाते हुए चल रहे थे। वहीं रैली में अनेक महिलाएं भी शामिल हुईं। रैली गणेश गेट, भूडारा बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, बड़ा बाजार, सदर बाजार, फूटाकोट, हिंडौन गेट, गुलाब बाग होते हुए दोपहर करीब 1.45 बजे कलेक्ट्री पहुंची, जहां सांसद भजनलाल, पूर्व विधायक लाखनसिंह, सुरेश मीना, जिला प्रमुख प्रतिनिधि रक्खीलाल आदि ने रैली को संबोधित किया। इसके बाद प्रतिनिधि मंडल ने एडीएम को ज्ञापन सौंपा। शहर के बाजारों में दुकानें नहीं खुलीं लेकिन कई कॉलोनियों में खुलने वाली किराना की दुकानों पर बिक्री हुई।

रोडवेज बसें रही बंद, यात्री हुए परेशान : रोडवेज स्टैंड बुकिंग प्रभारी शिवदयाल शर्मा ने बताया कि बुधवार को जिला प्रशासन के आदेशानुसार बसों का संचालन सुबह 4 बजे से बंद रखा गया। इधर बसों का संचालन बंद होने से यात्रियों को असुविधा हुई। गौरतलब है कि करौली रोडवेज स्टैंड से प्रतिदिन करीब 125 बसों का संचालन होता है, जिनसे करीब 5 लाख रुपए तक प्रतिदिन राजस्व मिलता है। रोडवेज बंद रहने से राजस्व का नुकसान हुआ।

नेटबंदी से हुई परेशानी : बंद के मद्देनजर इंटरनेट सेवा बंद रही। इससे लोगों को परेशानी भी हुई। प्रशासन की ओर से सुबह 10 से शाम 4 बजे तक नेटबंदी के आदेश जारी किए गए थे।वहीं बंद के मद्देनजर करौली एवं हिण्डौन नगरपरिषद क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया।