Aapka Rajasthan

Karoli जलभराव की समस्या को लेकर लोगों ने दिया धरना, बाजार बंद

 
Karoli जलभराव की समस्या को लेकर लोगों ने दिया धरना, बाजार बंद

करौली न्यूज़ डेस्क, शहर में जलभराव की समस्या को लेकर रविवार को डेम्परोड पर हिण्डौन बचाओ,नाला तोड़ो संघर्ष समिति की ओर से धरना दिया गया। सुबह से दोपहर बाद तक चले धरने में वक्ताओं ने नाले के पटाव में अनियमितताओं के आरोप लगाए और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के खारी नाला को तोड़ने की पुरजोर मांग की। इस दौरान डेम्परोड बाजार में दुकानें भी बंद रहीं। बाद में संघर्ष समिति ने उपखण्ड अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा।

धरना स्थल पर हुई आमसभा को संघर्ष समिति के अध्यक्ष नरेश गुर्जर, महामंत्री हुकमसिंह कश्यप, सचिव तारासिंह बैंसला सहित कई लोगों ने संबोधित किया। धरना पर संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के अलावा व्यापारी बाबूलाल सहित कई दुकानदार बैठे। इस दौरान समिति अध्यक्ष नरेश गुर्जर ने कहा कि अतिवृष्टि को पूरा एक माह होने को है, लेकिन बाजार के हालात सामान्य नहीं हुए हैं। कटरा बाजार सहित कई बाजारों में जलभराव रहने से दुकानदारों का कारोबार ठप है। इसके अलावा शहर की कई कॉलोनियों में भी ड्रेनेज सिस्टम फेल होने से थोडी देरी की बारिश में ही रास्ते जल मग्न हो जाते हैं। इससे लोगों को काफी परेशानी होती है। वहीं हुकम सिंह कश्यप ने बाढ़ जैसे हालातों के बाद भी शहर में सुगम जल निकासी का प्रबंध कायम नहीं होने पर प्रशासन व नगर परिषद के खिलाफ नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि खारी नाले में निकासी नहीं होने व व दूसरे क्षेत्रों से बहकर आए पानी से दुकानों व लोगों के घरों में जलभराव हो रहा है। अन्य वक्ताओं ने भी एक माह बाद भी मुख्य बाजारों के हालात नहीं सुधरने पर रोष जताया। लोगों का कहना था कि खारी नाले के खुले चैम्बर जान लेवा हो रहे हैं। अब तक दो जनों की जान जा चुकी है। अपराह्न करीब तीन बजे संघर्ष समिति के लोगों ने खारी नाला तोडकऱ सफाई कराने की मांग का ज्ञापन सौंपा।