Aapka Rajasthan

Karoli सिर में गोली मारकर युवक की हत्या, बंद रहे बाजार

 
Karoli सिर में गोली मारकर युवक की हत्या, बंद रहे बाजार
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली  उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत भीमपुर के गांव असरो में मंगलवार रात करीब 11 बजे एक युवक के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक शिवसिंह सैनी निवासी असरो है। मामले में मृतक के भाई सियाराम पुत्र जगराम सैनी ने हत्या का मामला दर्ज कराया है। घटना के बाद लोगों में रोष व्याप्त हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार सुबह मुख्य चौराहे पर धरना दिया। साथ ही बाजार भी बंद रहे।

मृतक के परिजन एवं सैंकड़ों ग्रामीण आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने, मृतक की पत्नी को संविदा पर नौकरी देने सहित अन्य मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए। जिसके बाद पुलिस उपाधीक्षक मुरारीलाल मीणा एवं कार्यवाहक उपखंड अधिकारी तहसीलदार रवि कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाइश की। लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। जिसके बाद दोपहर दो बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश राजौरा ने भी मौके पर पहुंच समझाइश की। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।

जिसके बाद परिजनों ने अपनी मांगों का ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा। ग्रामीण मृतक के परिजनों को तत्काल 50 लाख रुपए आर्थिक सहायता राशि देने की मांग पर अड़े रहे। बाद में शाम को एडीएम रामकिशोर मीणा मौके पर पहुंचे और समझाइश की। इस दौरान एडीएम मीणा द्वारा पीड़ित परिवार को सरकार की पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत 5 लाख रुपए, अनुजा निगम ऋण योजना के तहत 5 लाख का लोन व केटल शेड योजना के तहत डेढ़ लाख रुपए स्वीकृत करवाने, पालनहार, बाड़ाबंदी, विधवा पेंशन आदि सरकारी योजनाओं का लाभ दिलवाने, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित की पत्नी को कृषि उपज मंडी गंगापुर में नियुक्ति दिलवाने का आश्वासन दिया। विधायक घनश्याम महर ने ग्रामीणों की 50 लाख की आर्थिक सहायता की मांग को लेकर कलक्टर द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र भिजवाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीण राजी हुए और करीब 11 घंटे बाद धरना समाप्त हुआ। इसके बाद युवक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया।