Karoli नाचते गाते व जयकारे लगाते हुए गणेशजी के लिए हुए रवाना
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली श्री गणेश भक्त मंडल समिति के तत्वावधान में गुढ़ाचंद्रजी कस्बे के दाऊजी महाराज मंदिर से रणथंभोर स्थित त्रिनेत्र गणेश जी महाराज की 25 वी ध्वज पदयात्रा मंगलवार को रवाना हुई तो माहौल भक्तिमय बन गया। पदयात्रा को मुख्य अतिथि समाजसेवी लख्खीराम मीणा रिगसपुरा व महेश दास मंहत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि मीणा ने कहा कि पदयात्राओं से लोगों में आपसी प्रेम भाईचारे की भावना बढ़ती है। यात्रा में सभी समाजों के लोग भाईचारे के साथ यात्रा करते हैं। इस मौके पर उन्होंने यात्रा समिति को भंडारे के लिए सहयोग राशि भी प्रदान की।
इससे पूर्व समिति के विकास गुप्ता, सोनू जैन, मेघराज लक्ष्यकार आदि ने मुख्य अतिथि का साफा व माला पहनाकर स्वागत किया। पदयात्रा आतिशबाजी कर बैंड बाजे की मधुर ध्वनि के बीच जयकारे लगाते हुए दाऊजी महाराज मंदिर से रवाना होकर कस्बे के मुख्य मार्गो से होते हुए रणथंभोर स्थित गणेश जी महाराज के लिए रवाना हुई। पदयात्रा में सैंकड़ों महिला, पुरुष श्रद्धालु भजनों पर नाचते-गाते चल रहे थे। पदयात्रा का जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। यात्रा समिति के विकास गुप्ता ने बताया कि पदयात्रा 30 अगस्त को रणथंभोर स्थित गणेश जी के दरबार में पहुंचेगी। रात्रि में जयपुर के कलाकारों द्वारा भजन संध्या कार्यक्रम में भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। 31 अगस्त को ध्वज अर्पित के बाद भंडारे का आयोजन होगा।
