Aapka Rajasthan

Karoli रिमझिम बारिश के बीच गोवर्धनजी के लिए नाचते-गाते हुए रवाना

 
Karoli रिमझिम बारिश के बीच गोवर्धनजी के लिए नाचते-गाते हुए रवाना

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली श्री गोवर्धन भक्त मंडल के तत्वावधान में ढहरिया गांव के नृसिंह भगवान मंदिर से रिमझिम बारिश के बीच गोवर्धन महाराज की पदयात्रा रवाना हुई तो माहौल भक्तिमय बन गया। पदयात्रा में सैकड़ों महिला, पुरुष श्रद्धालु शामिल रहे। पदयात्रा को मुख्य अतिथि समाज सेवी रूपनारायण मीना ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। गोवर्धनजी के जयकारों से माहौल धर्ममय हो गया। भक्तों ने भजनों पर नृत्य किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि पदयात्राओं से लोगों में आपसी भाईचारे की भावना का विकास होता है। उन्होंने सभी पदयात्रियों को सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दी।

इस मौके पर उन्होंने पदयात्रा समिति को सहयोग राशि भी प्रदान की। इससे पहले पदयात्रा समिति के दिलीप शर्मा, भरतलाल मीना, कमल मेडिय़ा, महेश कंपाउंडर आदि ने मुख्य अतिथि का साफा व माला पहनाकर स्वागत किया। पंडित गोपाल शर्मा ने रथ में विराजित गोवर्धन भगवान के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर व आरती उतारकर पूजन किया। आतिशबाजी व बैंड-बाजों के बीच पदयात्रा नृसिंह भगवान मंदिर से रवाना होकर गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए गोवर्धनजी के लिए रवाना हुई। पदयात्रा समिति के कमल मेडिया व व्याख्याता भरतलाल मीना ने बताया कि पदयात्रा टोडाभीम, महवा, गंज खेड़ली, कठूमर, डीग होते हुए 25 अगस्त को गोवर्धन धाम पहुंचेगी। जहां पदयात्रियों द्वारा रात्रि में सामूहिक परिक्रमा की जाएगी। 26 अगस्त को प्रात:काल गोवर्धन जी महाराज के ध्वजा अर्पण के बाद भंडारे का आयोजन होगा।