Aapka Rajasthan

Karoli शाही कुंड के रास्ते पर दो महीने से भरा है पानी, आवागमन में परेशानी

 
Karoli शाही कुंड के रास्ते पर दो महीने से भरा है पानी, आवागमन में परेशानी

करौली न्यूज़ डेस्क , देखरेख के अभाव में शहर की ऐतिहासिक विरासत शाही कुण्ड अपना अस्तित्व खोने के कगार पर है, वहीं यहां बैठा हनुमान मंदिर सहित आसपास बने कई मंदिर और स्कूल के रास्ते में करीब दो माह से बारिश का पानी भरा हुआ है जिससे यहां से आवाजाही करने वाले आधा दर्जन कॉलोनी के हजारों लोगों को करीब एक फीट पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।गौरतलब है कि कई कॉलोनियों को जोडऩे वाले इस एकमात्र मुख्य रास्ते से कई श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन करने जाते हैं। वहीं इस रास्ते से स्कूली बच्चे भी आवाजाही करते हैं। इस मार्ग पर पानी भरा होने से कई बुजुर्ग व बच्चे गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

कई पशुओं को चोट आने के साथ कई वाहन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इसके बावजूद इस रास्ते की सुध नहीं लिए जाने से लोगों में रोष व्याप्त है। वासुदेव शर्मा, नासिर, अदनान, फरीद, मोहम्मद साबिर आदि ने बताया कि बैठा हनुमान मंदिर के पास चिंतामणि मंदिर, महादेव मंदिर, श्रीजी का बाग, रामा का बाग आदि में कई मंदिरों के साथ ही नौचौकिया मोहल्ला, बागोर मोहल्ला, जामा मस्जिद सहित करीब आधा दर्जन कॉलोनियों में हजारों लोग निवास करते हैं। इस मार्ग पर नगरपरिषद कार्मिकों की ओर से कचरा डाला जाता है, जिससे आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है बीमारियों का अंदेशा : कई माह से आवाजाही के रास्ते पानी में कचरा पड़ा होने से यह सड़ने लगा है और दुर्गंध के चलते बीमारियां और संक्रमण फैलने का अंदेशा बना हुआ है। स्वच्छता और इसके लिए चलाए गए अभियान से कोसों दूर यहां के निवासियों ने बताया कि आसपास मोहल्लों में कई लोग बीमार हो रहे हैं। दिनभर बदबू भी आती रहती है।