Aapka Rajasthan

Karoli सिंचाई के लिए दिन में मिल सकेगी बिजली, 500 एमवीए का आया ट्रांसफार्मर

 
Karoli सिंचाई के लिए दिन में मिल सकेगी बिजली, 500 एमवीए का आया ट्रांसफार्मर

करौली न्यूज़ डेस्क, करौली जिला सहित चार जिलों के किसानों को अब फसल की सिंचाई के लिए दिन में बिजली मिल सकेगी। साथ ही लोगों को लोडशेडिंग में घंटों पॉवर कट की समस्या से राहत मिलेगी। इसके लिए राज्य सरकार ने हिण्डौन के गुढ़ापोल स्थित 400 केवी जीएसएस की क्षमता बढ़ाने के लिए 500 एमवीए (मेगा वोल्ट एम्पीयर) का ट्रांसफॉर्मर भिजवाया है। रविवार सुबह 106 पहिया के ट्रेलर पर अहमदाबाद से ट्रांसर्फार गुढ़ापोल पहुंचा।

करीब 40 करोड़ रुपए की लागत से एक माह में ट्रांसफार्मर इंस्टॉलेशन होने पर जीएसएस की क्षमता बढ़कर 1130 एमवीए हो जाएगी। जो रबी की फसली सीजन की अधिकतम मांग से भी अधिक है। यानी नए साल में करौली, धौलपुर गंगापुर व भरतपुर जिले का विद्युत तंत्र सुद्रढ़ होगा। दरअसल रबी फसल के पीक सीजन में बिजली की अधिक खपत होने से विद्युत ग्रिड सब स्टेशन ओवर लोड हो जाते है। क्षमता से अधिक बिजली मांग होने पर ट्रिपिंग व ओवर लोडिंग की स्थिति बनने से निचले स्तर के जीएसएस पर लोड शेडिंग होने से उपभोक्ताओं खासतौर पर कृषकों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पाती है। वहीं किसानों की ओर से सर्दी में सिंचाई के लिए दिन में आपूर्ति की पुरजोर मांग की जाती है।इस समस्या के समाधान के लिए कई वर्ष से 400 केवी जीएसएस गुढ़ापोल की क्षमता बढ़ाने के लिए 500 एमवीए के ट्रांसफॉर्मर लगने का इंतजार था।

इसके लिए डिस्कॉम की चेयरमैन ने निगम के प्रबंध निदेशकों से चर्चा कर एक्शन प्लान तैयार किया। 400 केवी जीएसएस पर 500 मेगावॉट का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगने से हिण्डौनसिटी सहित करौली, धौलपुर, भरतपुर व गंगापुर सिटी जिले के लोगों को बिजली की समस्या से राहत मिलेगी। 400 केवी जीएसएस से इन जिलों के 220 व 132 केवी जीएसएस पर ओवरलोडिंग खत्म होने से निर्बाध बिजली की आपूर्ति मिलेगी।

दो दिन में ट्रेलर से उतरेगा ट्रांसफार्मर : जीएसएस गुढ़ापोल के सहायक अभियंता आशीष जारेड़ा ने बताया कि करीब डेढ़ माह में अहमदाबाद से पहुंचे 300 टन वजनी ट्रांसफॉर्मर को हाड्रोलिक जैकों के माध्यम से जीएसएस के यार्ड में उतारा जाएगा। यार्ड में तैयार किए जा रहे फाउंडेशन पर रखने व इंस्टॉलेशन करने करीब एक माह का समय लगेगा। वहीं ट्रांसफार्मर में 22 हजार लीटर ऑयल भरा जाएगा।