Karoli हिंडौन डेयरी में दूध संग्रहण बंद, समितियों को गंगापुर किया डायवर्ट
दरअसल वर्ष 2013 से शहर में सवाईमाधोपुर व करौली जिले के संयुक्त डेयरी संघ का एक प्लांट संचालित है। गत वर्ष 22 मई को डेयरी प्लांट का कम्प्रेशर खराब होने से दूध का अवशीतलन ,पैकिंग सहित दुग्ध प्रसंस्करण कार्य बंद हो गए। कई माह बाद एक कम्प्रेशर की मरम्मत करवा अक्टूबर माह के दूसरे सप्ताह में डेयरी में दूध का संकलन और अवशीतलन कार्य शुरू हुआ। इस बीच बॉयलर में खामी आने पर डेयरी प्लांट को पाश्चुरीकरण व सेपरेटा प्रक्रिया के बिना महज अवशीतलन के लिए संचालित रहा। दिसम्बर माह में दूध का संकलन 5-7 हजार लीटर प्रति दिन पहुंच गया। प्लांट से भीलवाड़ा डेयरी में दूध भेजने से सवाई माधोपुर डेयरी संघ का लाभ में इजाफा हुआ। डेयरी प्लांट के दूध से लबालब रहने से दुग्ध उत्पादक समितियों के सदस्यों को भी नए वर्ष में प्लांट में सुचारू होने की आस बंधी थी।, लेकिन बीते वर्ष के अंतिम दिन 31 दिसम्बर को डेयरी संघ के प्रबंध संचालक ने हिण्डौन प्लांट में तुरंत प्रभाव से दूध संकलन बंद करने के आदेश जारी कर दिए। ऐसे में बुधवार को दूध लेकर डेयरी प्लांट पहुंचे दुग्ध समिति के सचिवों को गंगापुरसिटी जाना पड़ा। एकाएक हिण्डौन प्लांट के बंद होने पर क्षेत्र कर दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में नाराजगी है।
डेयरी प्लांट पर सिर्फ गार्ड तैनात
करौली रोड स्थित सरस डेयरी प्लांट पर अब सुरक्षा की दृष्टि से केवल गार्ड तैनात हैं। सवाई माधोपुर-करौली जिला दुग्ध उत्पादक संघ ने प्लांट बंद होने पर यहां कार्यरत सभी कार्मिकों को फिलहाल हटा दिया है। गौरतलब है कि डेयरी प्लांट पर गत दिनों सात कर्मचारी कार्यरत थे। प्लांट से दूध प्रसंस्करण संबंधित कार्मिकों को हटाया है। वर्तमान में 3 गार्ड कार्यरत हैं।
