Karoli पांच साल में भी नहीं हुई हाईवे पर गड्ढे की मरम्मत, लोग परेशान
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली कस्बे के समीपवर्ती सलेमपुर गांव में मुख्य मार्ग पर पिछले पांच वर्ष से अधिक समय से हो रहा गहरा गड्ढा राहगीरों और वाहन चालकों को नासूर बन रहा है। हाइवे होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इसकी अनदेखी कर रहे हैं। इस मार्ग पर नियमित रूप से सैंकड़ों वाहनों की आवाजाही होती है, लेकिन इसे दुरुस्त कराने के प्रति अधिकारियों का ध्यान ही नहीं है। इसके चलते गड्ढे के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरते रहते हैं। पानी की निकासी नहीं होने के कारण मुख्य मार्ग में पानी भरा रहता है, जिससे यहां गहरा गड्ढा हो गया है, जिसमें आए दिन दोपहिया वाहन गिरते रहते हैं। ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से विभागीय अधिकारियों से मार्ग को दुरुस्त कराए जाने की मांग की जा रही है, लेकिन विभागीय अधिकारियों का इस और कोई ध्यान नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि यह गंगापुर- करौली का मुख्य सड़क मार्ग है और रोजाना सैंकड़ो वाहन इस मार्ग से होकर गुजरते हैं। साथ ही कई अधिकारियों का आवागमन भी इस मार्ग से होता है, लेकिन गड्ढे को दुरुस्त कराने के प्रति कोई गंभीर नहीं है।
पानी का भराव है मुख्य समस्या
सलेमपुर गांव के ग्रामीणों ने बताया गांव के पानी की निकासी नहीं होने के कारण यहां मुख्य मार्ग में पानी भर जाता है। इस कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती है और यहां गहरा गड्ढा बना हुआ है। हालांकि नेशनल हाईवे के अधिकारियों ने कई बार यहां स्पीड ब्रेकर एवं गिट्टी डालने का कार्य किया, लेकिन स्थाई समाधान नहीं हुआ है।
यह बोले जिम्मेदार
सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता समय कुमार मीणा ने बताया यह कार्य हमारा नहीं है। यह नेशनल हाईवे के अंतर्गत आता है, इधर नेशनल हाईवे के ठेकेदार सुधीर ने बताया पहले कई बार यहां कार्य किया गया, लेकिन पानी की निकासी नहीं होने के कारण ऐसी स्थिति बनी हुई है। समस्या के समाधान के प्रयास किया जा रहे हैं।
