Karoli सरकारी स्कूल भवन की हालत जर्जर, छत से टपक रहा पानी
करौली न्यूज़ डेस्क, करौली के सपोटरा उपखंड की एकट ग्राम पंचायत के रूपपुरा गांव के राजकीय प्राथमिक स्कूल की हालत बदतर बनी हुई है। सरकारी स्कूल भवन की हालत जर्जर होने के कारण वहां पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और शिक्षक डर के साए में हैं। बारिश के मौसम में छत से टपकते पानी और गिरते प्लास्टर की संभावना से बच्चे और शिक्षक भय के कारण अध्यापन में मन नहीं लगा पाते हैं। बारिश में छत से पानी टपकने के कारण शिक्षकों को मजबूरन बच्चों की छुट्टी करनी पड़ती है। ग्रामीणों ने सरकारी स्कूल की बदतर हालत को लेकर विरोध जताया। छत से पानी टपकने और प्लास्टर गिरने से कभी भी बड़े हादसे की संभावना बनी हुई है। बड़े हादसे की आशंका से परेशान ग्रामीणों ने मजबूरन बच्चों को स्कूल नहीं भेजने की चेतावनी स्कूल प्रशासन को दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल की छत से पानी टपकता रहता है और स्कूल भवन दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। छत का प्लास्टर जगह-जगह से गिरता रहता है। स्कूल का पुराना भवन काफी क्षतिग्रस्त हो चुका है। भवन में आंगनवाड़ी केंद्र भी संचालित है। पुराने भवन की छत की पट्टियां, दीवार और लेंटर भी टूटे हुए हैं। जिससे स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों और शिक्षकों के ऊपर हमेशा खतरा मंडराता रहता है। स्कूल के शिक्षक उपेंद्र पाल जादौन ने बताया कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कई बार स्कूल की बदतर हालात से अवगत करवाया है, लेकिन उच्च अधिकारियों द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मजबूरी में बारिश के दौरान छात्रों की छुट्टी करनी पड़ती है। आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और स्कूल प्रशासन को चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने स्कूल भवन की मरम्मत और नए कमरों का निर्माण नहीं होने पर बच्चों को स्कूल में पढ़ने से रोकेंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्कूल की मरम्मत करवाने की मांग करते हुए बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पढ़ाने की मांग की है।
